जम्मू। महाशिवरात्रि की तैयारियां तेज की गई हैं। पर्यटन विभाग की ओर से पीरखो जम्मू में 10 से 13 मार्च को महाशिवरात्रि मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सांस्कृतिक गतिविधियों के अलावा धार्मिक प्रस्तुतियां, विभागीय स्टाल और दंगल का आयोजन किया जाएगा।
रियासी के रनसू में 10 से 12 मार्च को मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, शोभा यात्रा, विभागीय स्टाल और दंगल आयोजित होगा। पुरमंडल में भी 10 से 11 मार्च को सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियां की जाएंगी। इस बीच अतिरिक्त उपायुक्त जम्मू (एडीसी) घनश्याम सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ महाशिवरात्रि की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। बैठक में बिजली-पानी की आपूर्ति, स्वच्छता, सुरक्षा, चीनी, आटा, चावल, एलपीजी आदि की उपलब्धता को सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को भीड़भाड़ वाले मंदिरों में पुलिस की तैनाती और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा गया। ट्रैफिक विभाग को चिन्हित मार्ग के साथ शोभा यात्रा को सुचारु संचालन सुनिश्चित करने को कहा। फ्लोरिकल्चर विभाग पीरखो मंदिर, श्री रघुनाथ मंदिर और रणवीरेश्वर मंदिर को सुशोभित करेगा। मंदिरों में आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और अन्य जरूरी चिकित्सा स्टाफ की तैनाती होगी। जम्मू नगर निगम स्वच्छता के अलावा मोबाइल शौचालयों आदि प्रबंध करेगा।