J&K: लश्कर के 3 आतंकी ढेर, प्रदर्शन के दौरान फायरिंग में एक नागरिक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अनंतनाग जिले में 24 घंटे से अधिक चली मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने लश्कर के तीन आतंकी मार गिराए। इस दौरान मुठभेड़ स्थल पर विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा की गई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मुठभेड़ के चलते दक्षिण कश्मीर के कुछ इलाकों में बीएसएनएल को छोड़कर अन्य कंपनियों की मोबाइल सेवाएं बंद रहीं। मुठभेड़ शुरू होने पर खबर यह भी थी कि लश्कर कमांडर अबु दुजाना घेरे में फंस गया है।
मिली जानकारी के अनुसार हुसनपोरा आरवनी में बुधवार शाम आतंकियों की खबर मिलने पर सेना की 1 राष्ट्रीय रायफल्स (आरआर), जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) और सीआरपीएफ की 90 बटालियन द्वारा इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
इस दौरान एक मकान में छिपे आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी थी। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर आतंकियों को भागने में मदद की। लेकिन, कामयाब नहीं हुए। रात में अंधेरा होने के चलते आपरेशन स्थगित कर दिया गया। जवानों द्वारा घेरा सख्त रखा गया ताकि आतंकी फरार न हो सकें।
हिंसक भीड़ ने सुरक्षाबलों पर किया पथराव
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार वीरवार सुबह 7 बजे फिर मुठभेड़ शुरू हुई जो दिन भर जारी रही। इस बीच, लश्कर के तीन स्थानीय आतंकियों राहिल अमीन, माजिद जरगर और मोहम्मद वसीम के मारे जाने की खबर है। लेकिन, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आतंकियों के मारे जाने की खबर के बाद हसनपोरा, बिजबिहाड़ा, वेससु और नयना गांवों के लोग मुठभेड़ स्थल पर रैली की शक्ल में पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। पर सुरक्षा बलों ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण भिड़ंत हुई। प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। भीड़ को काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा आंसू गैस के गोले दागे गए और हवाई फायरिंग भी की गई।
इस दौरान संगम के 27 वर्षीय मोहम्मद आरिफ शाह की गोली लगने से मौत हो गई। हसन पोरा का बिलाल अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे श्रीनगर के स्किम्स में रेफर किया गया है। इसके अलावा सुरक्षा बलों के कुछ जवानों समेत 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं।