जम्मू-कश्मीरः प्रदेश में छह हॉटस्पॉट जिलों में 80 फीसदी पॉजिटिव मामले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर के कोरोना के कुल संक्रमित मामलों में से 80 फीसदी छह हॉटस्पॉट जिलों से हैं। इनमें कश्मीर संभाग के पांच जिले सर्वाधिक प्रभावित हैं और यहीं से कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक मामले आ रहे हैं। हालांकि कश्मीर संभाग में रोजाना एक हजार से 1100 के बीच परीक्षण भी किए जा रहे हैं।
नेशनल हेल्थ मिशन के निदेशक भूपेंद्र कुमार ने बताया कि कुल पॉजिटिव मामलों में से 80 फीसदी मामले कश्मीर संभाग के बांदीपोरा, श्रीनगर, शोपियां, कुपवाड़ा और बारामुला और जम्मू संभाग के जम्मू से रिपोर्ट हुए हैं। जम्मू जिले में अब तक 26 मामले सामने आए हैं। इनमें से 23 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि तीन का इलाज चल रहा है। मामले बढ़ने पर जिले को हॉट स्पॉट में शामिल किया गया था।
अनंतनाग में मिले 71 मामलों में से 70 सक्रिय हैं और एक की मौत हो चुकी है। बांदीपोरा में 127 मामलों में से 102 सक्रिय हैं। यहां 24 मरी स्वस्थ हुए हैं, जबकि एक की मौत हो चुकी है। श्रीनगर में 87 मामलों में से 34 सक्रिय हैं और 51 ठीक हो चुके हैं, जबकि दो की मौत हुई है। शोपियां में 71 पॉजिटिव मामलों में से 58 सक्रिय हैं और 13 को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। इसी तरह कुपवाड़ा में 49 मामलों में 30 सक्रिय हैं और 19 स्वस्थ हो चुके हैं। बारामुला में 73 मामलों में 49 सक्रिय हैं और 21 ठीक हुए हैं। यहां सबसे अधिक तीन लोगों की मौत हुई है।
कश्मीर में 16 और मामले, प्रदेश में आंकड़ा 581 पहुंचा
प्रदेश में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 16 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। सभी मामले कश्मीर संभाग के हैं। अब प्रदेश में पॉजिटिव मामलों का आंकड़ा 581 पहुंच गया है। इनमें 381 मामले सक्रिय हैं, जिसमें जम्मू संभाग में 10 और 371 मामले कश्मीर संभाग से हैं।
कश्मीर में बुधवार को 11 और जम्मू संभाग में पांच मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जम्मू के सीडी अस्पताल से तीन लोगों को स्वस्थ होने के बाद घर भेजा गया है। उधर, कश्मीर में आए नए पॉजिटिव मामलों में अनंतनाग में नौ, बडगाम में चार, श्रीनगर, बारामुला और कुलगाम में एक-एक मामला शामिल है। अब तक जम्मू संभाग में एक और कश्मीर संभाग में सात लोगों की कोरोना से मौत हुई है।
जम्मू संभाग के नौ जिलों में हफ्ते से कोई मामला नहीं
जम्मू संभाग के नौ जिलों में पिछले एक हफ्ते से कोई भी पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है। बीते दिनों रियासी से एक मामला रिपोर्ट हुआ था लेकिन अन्य जिलों में फिलहाल राहत है। संभाग के 10 जिलों में अभी महज 10 पॉजिटिव मामले ही सक्रिय हैं और इनमें 90 फीसदी पुराने मामले हैं। विशेषज्ञों का दावा है कि संभाग में उन्हें कोरोना की चेन को तोड़ने में सफलता मिली है।