चीनी सेना ने जवानों को बनाया ‘बंधक’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीन की सेना लद्दाख में बार बार घुसपैठ करने की हरकतों से बाज नहीं आ रही है। घुसपैठ की ताजा घटना में चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी के करीब 300 जवान लद्दाख के चुमार इलाके में घुस आए हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक चीन के सैनिकों ने 100 भारतीय जवानों को घेर रखा था और उन्हें वहां से जाने भी नहीं दे रहे थे।
सेना के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक सोमवार को दोनों देशों के ब्रिगेडियर स्तर के अधिकारियों में चुशुल इलाके में फ्लैग मीटिंग भी हुई। इस दौरान भारतीय पक्ष द्वारा चीन के अफसरों से चीनी सेना के रवैये और चीनी सेना द्वारा अंजाम दी जा रही घटनाओं का विरोध जताया गया है।
भारतीय क्षेत्र में करीब 500 मीटर तक घुसे चीनी
उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपंग भारत के दौरे पर आ रहे हैं। इसके बावजूद चीन की सेना अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। इससे पहले 11 सितंबर को भी पीएलए के सैनिकों द्वारा भारतीय क्षेत्र में करीब 500 मीटर तक घुस आने के बाद लद्दाख के डेमचोक इलाके में टेंट लगाने की घटना को अंजाम दिया गया था।
चीनी सेना द्वारा एलएसी से सटे चीन के गांव ‘तोशीनाग’ के ग्रामीणों को सरकारी वाहनों में भरकर लाया जा रहा है और डेमचोक इलाके में पहुंचाया जा रहा है।
चीनी सेना द्वारा घुसपैठ करने के संबंध में पूछे जाने पर लेह के जिला उपायुक्त सिमरनजीत सिंह का कहना था कि डेमचोक गांव में मनरेगा योजना के तहत सिंचाई प्रोजेक्ट (नहर) का निर्माण कराया जा रहा है। चीन इसका विरोध कर रहा है और इसके खिलाफ प्रदर्शन भी कर रहा है।
तनाव बढ़ा तो सीमा पर पर भेजे गए अतिरिक्त जवान
वर्ष 2014 में अब तक चीन 334 बार भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कर चुका है। चीन की सेना द्वारा लगातार घुसपैठ की घटनाओं को अंजाम दिए जाने के चलते एलएसी पर तनाव बढ़ गया है। सैन्य सूत्रों के मुताबिक लद्दाख के डेमचोक इलाके में भारत और चीन की सेना में तनाव बढ़ जाने के बाद दोनों देशों की ओर से वहां अतिरिक्त जवानों को भेजा गया है।
चीन की सेना द्वारा बार बार घुसपैठ की घटनाओं को अंजाम दिए जाने के चलते भारत की ओर से एलएसी (लाइन आफ एक्च्युल कंट्रोल) पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। केंद्र सरकार की ओर से सीमावर्ती इलाकों में सड़कें और आर्मी स्टेशन आदि बनाने के लिए पर्यावरण मंत्रालय की ओर से नियमों में ढील दी गई है।
एजेंसी