कश्मीर में मुठभेड़ के दौरान फिशरीज गार्ड की मौत पर बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार देर शाम मुठभेड़ के दौरान फिशरीज विभाग के गार्ड असदुल्ला कुम्हार की मौत के बाद शनिवार को बवाल हुआ। ग्रामीणों ने श्रीनगर-जम्मू हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के चलते दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। बाद में प्रशासन ने घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए तब जाकर ग्रामीणों ने जाम खत्म किया। सुरक्षा बलों को चकमा देकर आतंकी मुठभेड़ स्थल से भाग निकले।
कुम्हार की मौत चिंचर गांव में शुक्रवार को उस समय हुई जब आतंकियों से मुठभेड़ चल रही थी। उसके जनाजे में शामिल स्थानीय लोगों ने सेना और सरकार विरोधी प्रदर्शन किए।
प्रदर्शनकारियों ने हाइवे को किया जाम
लोगों का आरोप था कि सेना क्रास फायरिंग में कुम्हार के मारे जाने का झूठा दावा कर रही है। जब आतंकी फरार हो गए थे तो उसे निशाना बनाया गया। इस बीच प्रदर्शनकारी और परिवार वाले शव लेकर काजीगुंड के पास हाईवे पर पहुंच गए और रास्ता जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों को शांत करने के लिए पहुंचे जिला उपायुक्त शौकत एजाज भट और एसपी श्रीधर पाटिल ने उन्हे जांच का आश्वासन दिलाया। उन्होंने मौके पर ही असिस्टेंट कमिश्नर रेवेन्यू शाहनवाज अहमद के नेतृत्व में मजिस्ट्रेटी जांच के निर्देश दिए। यह भी आश्वस्त किया कि मृतक के परिवार को मुआवजे समेत एसआरओ-43 के तहत नौकरी भी दी जाएगी।