84 साल पुराना बनिहाल बंगला जलकर हुआ खाक
रामबन जिले के बनिहाल कसबे में स्थित प्राचीन डाकबंगले में रविवार दोपहर को अचानक आग लग गई। देखते ही देखते डाकबंगले के आठ कमरे, एक किचन और डाइनिंग हाल जलकर राख हो गया।
करीब दो घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। यह डाकबंगला राजा हरि सिंह के शासन काल में 1931 में बनाया गया था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दिन के करीब करीब पौने बारह बजे कुछ लोगों ने डाकबंगले के दो कमरों से धुआं उठता देखा। उन लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। कुछ ही देर में विभाग का दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
एक किचन और डाइनिंग हाल को जलाकर राख
स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों ने अपने स्तर पर आग को काबू में करने का प्रयास शुरू कर दिया था। इस बीच, आग आठ कमरों तक फैल गई। करीब दो घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को और फैलने से रोका जा सका।
आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग ने रामबन और काजीगुंड से भी दमकल गाड़ियां मंगवाईं थीं। जेके टूरिस्ट डेवलपमेंट कार्पोरेशन (जेकेटीडीसी) बनिहाल के मैनेजर नजीर अहमद का कहना है कि डाकबंगले में आग शार्ट सर्किट के कारण लगी थी। इससे डाकबंगले को भारी क्षति पहुंची है।
आग ने आठ कमरों के अलावा एक किचन और डाइनिंग हाल को जलाकर राख कर दिया। संयोग ही रहा कि यह घटना दिन के समय हुई। रात में आग लगती तो कहीं ज्यादा नुकसान हो सकता था। यहां टूरिस्ट भी ठहरे होते हैं। बनिहाल थाने में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।