{"_id":"59ff242b4f1c1b3c3d8b57ca","slug":"crpf-deputy-commandant-hit-three-motorcycles-case-filed","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट ने तीन मोटरसाइकिलों को मारी टक्कर, मामला दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट ने तीन मोटरसाइकिलों को मारी टक्कर, मामला दर्ज
amarujala.com- Presented by: चंद्रा पाण्डेय
Updated Sun, 05 Nov 2017 08:16 PM IST
विज्ञापन
- फोटो : AMAR UJALA
सीआरपीएफ की 187 बटालियन के डिप्टी कमांडेंट ने शनिवार देर रात को अपने निजी वाहन से एक के बाद एक तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मार कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने डिप्टी कमांडेंट को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उसने पुलिस स्टेशन के अंदर भी जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने मेडिकल करवाने के बाद मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। आरोपी को रात में ही पुलिस स्टेशन से जमानत भी दे दी गई।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिप्टी कमांडेंट ललित यादव शनिवार देर रात अपनी निजी कार लेकर रेलवे स्टेशन से लेकर शहर की तरफ निकला। जैसे ही कमांडेंट साकन बावली के नजदीक पहुंचा तो बाहर खड़े मोटरसाइकिल नंबर जेके14बी-5481 को टक्कर मार दी। अधिकारी ने कार को रोकने के बजाए तेज गति में आगे की तरफ दौड़ा दिया और कुछ दूरी पर एक बिना नंबर की बाइक समेत जेके14सी-4930 को टक्कर मार दी। लगातार वाहनों में टक्कर मारने के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन
इसके बाद स्थानीय निवासियों ने कार को रोक लिया और और अधिकारी को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। जब अधिकारी को पुलिस स्टेशन ले जाया गया तो अधिकारी ने पुलिस स्टेशन में जमकर हंगामा किया। एसएचओ ने अधिकारी को किसी तरह से शांत करवाया और मामले की जांच शुरू की। कार को भी अपने कब्जे में ले जाया गया। इसके साथ ही कार की टक्कर से घायल मोटरसाइकिल चालक यशपाल निवासी रठियान को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन
अधिकारी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल ले गई। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद रात को ही अधिकारी को जमानत देकर रिहा कर दिया है। इस बारे में सीआरपीएफ आलाधिकारियों ने बताया कि डिप्टी कमांडेंट निजी वाहन लेकर निकला था। उसका सीआरपीएफ की बटालियन से कोई लेना नहीं है।