मोदी सेना को चुनौती देंगे धनकुबेर, जानिए कौन हैं ये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर में होने जा रहे विधानसभा चुनावों का पहला चरण रोमांचक होने जा रहा है। भाजपा के मिशन 44+ को चुनौति देने के लिए विपक्षी पार्टियों ने भी मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। इनमें से कई उम्मीदवारों की संपत्ति में बीते छह सालों में गजब का उछाल आया है।
नेशनल कांफ्रेंस की तरफ से पहले चरण के की पंद्रह सीटों के लिए जिन उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है उसमें से छह करोड़पति हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से एक मंत्री की संपत्ति में बीते छह सालों में 1,565 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। आगे की स्लाइड्स में जानिए इन छह करोड़पति उम्मीदवारों के बारे में तमाम जानकारी।
गुरेज से नेकां उम्मीदवार नजीर अहमद खान उर्फ गुरेजी
गुरेजी ने 2.12 करोड़ रुपए की संपत्ति की घोषणा की है। 25 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र के साथ दायर शपथपत्र में, गुरेज के तीन बार के विधायक रह चुके नजीर अहमद खान ने अपनी संपत्ति की घोषणा की। इसमें श्रीनगर के पॉश इलाके में एक गेस्ट हाउस में उनकी दो-तिहाई हिस्सेदारी भी शामिल है।
इस गेस्ट हाउस का मालिकाना हक गुरेजी और उनकी पत्नी के पास है। इससे पहले साल 2008 के विधानसभा चुनावों में गुरेजी ने अपनी संपत्ति 12.73 लाख रूपए बताई थी और तब इसमें उनकी पत्नी की संपत्ति भी शामिल थी। पिछले साल जनवरी में उमर सरकार की केबिनेट में शामिल हुए गुरेजी ने अपनी अधिकांश संपत्ति वर्ष 2009 में खरीदी है।
गुरेजी ने घोषणा की है कि 57 लाख रुपए की जमीन खानदानी जायदाद है जबकि शेष संपत्ति उन्होंने खुद अर्जित की है। शपथपत्र के अनुसार, गुरेजी की मासिक आय महज 35 हजार रुपए है जबकि उनकी पत्नी एक सरकारी कर्मचारी हैं और 13 हजार रुपए प्रति माह कमाती हैं।
गांदरबल से चुनाव लड़ रहे मियां अल्ताफ अहमद
घाटी के गांदरबल जिले की कंगन विधानसभा सीट से पांचवीं बार चुनाव लड़ रहे वन मंत्री मियां अल्ताफ अहमद के घोषणापत्र के अनुसार, पिछले छह सालों में उनकी संपत्ति में 450 प्रतिशत से ज्यादा तक का इजाफा हुआ है।
अहमद ने 2008 के विधानसभा चुनावों में अपनी संपत्ति 1.77 करोड़ रुपए बताई थी जबकि इस साल के विधानसभा चुनावों के लिए दायर शपथपत्र में यह राशि बढ़कर आठ करोड़ रूपए हो गई है।
किश्तवाड़ से उम्मीदवार सज्जाद अहमद किचलू
मूल राशि में सबसे ज्यादा उछाल नेशनल कांफ्रेंस के उम्मीदवार और राज्य के गृहमंत्री सज्जाद अहमद किचलू की संपत्ति में आया है। किचलू तीसरी बार किश्तवाड़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।
किचलू के पिता भी उनसे पहले दो बार किश्तवाड़ विधानसभा से विधायक रह कर चुके हैं। वर्ष 2008 के चुनाव में किचलू ने अपनी संपत्ति 10.50 करोड़ रुपए बताई थी। इस समय उनकी संपत्ति 22.50 करोड़ रूपए है।
सोनावाड़ी विधानसभा से मोहम्मद अकबर लोन
रियासत के पूर्व स्पीकर और मौजूदा शिक्षामंत्री मोहम्मद अकबर लोन ने अपनी संपत्ति में 115 प्रतिशत का इजाफा दिखाया है। वह सोनावाड़ी विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं।
लोन की संपत्ति वर्ष 2008 में 3.50 करोड़ रुपए की थी, जो अब बढ़कर 7.6 करोड़ रुपए पहुंच चुकी है। लोन ने इस बार कम संपत्ति दर्शाई है लेकिन इस संपत्ति की कीमत में इजाफा देखने को मिला है।
वर्ष 2008 में उनके पास पांच आवासीय मकान थे जो अब चार रह गए हैं। छह वर्ष पहले उनके पास 5.6 हेक्टेयर जमीन थी, जो कि अब 4.75 हेक्टेयर रह गई है।
डोडा से कांग्रेस के उम्मीदवार अब्दुल माजिद वाणी
सड़क एवं इमारत मंत्री और डोडा से कांग्रेस के उम्मीदवार अब्दुल माजिद वाणी की संपत्ति में पिछले छह साल में कथित तौर पर 700 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। वाणी तीसरे कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
पिछले चुनावों में वाणी ने अपनी संपत्ति 28 लाख रुपए बताई थी जबकि इस साल उनकी संपत्ति कथित तौर पर 1.84 करोड़ रुपए बताई गई है। इसमें से 99 लाख रूपए की संपत्ति मंत्री की खानदानी संपत्ति है। शेष संपत्ति उन्होंने खुद अर्जित की है।
लेह से कांग्रेस के उम्मीदवार नवांग रिग्जिन जोरा
आवासीय एवं शहरी विकास मंत्री और लेह विधानसभा से कांग्रेस के उम्मीदवार नवांग रिग्जिन जोरा की संपत्ति में कथित तौर पर 35 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। रिग्जिन तीसरे कार्यकाल के लिए चुनावी मैदान में हैं।
वर्ष 2008 में जोरा के पास तीन करोड़ रुपए मूल्य की संपत्ति थी जबकि इस साल के चुनावों के लिए नामांकन पत्र के साथ जमा कराए गए शपथपत्र में उनकी संपत्ति 4.12 करोड़ रुपए बताई गई है।
बता दें कि 25 नवंबर को पहले चरण के चुनाव के तहत 15 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा।