नर्सिंग की छात्रा के छह टुकड़े कर लाश गटर में फेंकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संजय नगर इलाके से लापता होने वाली युवती की सड़ी गली लाश 54 दिन बाद चिन्नौर स्थित एक घर के गटर से बरामद हुई है। युवती का गला घोंटकर कत्ल करने के बाद उसे छह टुकड़ों में काट दिया गया। उसके बाद शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए घर के गटर में डाल दिया।
पुलिस ने इस मामले में चिन्नौर निवासी सुनील कुमार और उसकी पत्नी रजनी देवी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा राजोरी से भी एक संदिग्ध को पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया है। बताया जाता है कि आरोपी दंपति वेश्यावृति के आरोप में बख्शी नगर थाने में दायर एक मामले में भी आरोपी रहे हैं।
एसएसपी उत्तम चंद ने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की तहकीकात कर रही है। चूंकि अभी जांच का आरंभिक चरण है, इसलिए अभी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता। लेकिन उन्होंने कहा कि मामला वेश्यावृति से जुड़ा भी हो सकता है, क्योंकि आरोपियों के खिलाफ 2010 में बख्शी नगर थाने में केस दर्ज हो चुका है।
एसएसपी ने संकेत दिया कि इस मामले में कई बड़े चेहरे भी सामने आ सकते हैं। एसएसपी ने कहा कि मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (सिट) का गठन किया जाएगा, ताकि मामले में शामिल अन्य लोग बेनकाब हो सकें।
नर्सिंग का कोर्स करने के लिए जम्मू आई थी
उधमपुर के चिनैनी ब्लाक के सयोना गांव की युवती शिवानी जराल पांच साल पहले नर्सिंग का कोर्स करने के लिए जम्मू आई थी। युवती शास्त्री नगर के गुरू मेडिकल इंस्टीट्यूट में नर्स की ट्रेनिंग करती थी।
अगले 1-2 माह में उसकी ट्रेनिंग पूरी होने वाली थी। संजय नगर में किराए के मकान में रहने वाली शिवानी 12 मार्च को अचानक लापता हो गई। परिवार वालों ने कई स्थानों पर उसकी तलाश की।
कोई सुराग नहीं मिलने पर 18 मार्च को गांधी नगर थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई। माता पिता बेटी की तलाश में रोजाना थाने आने लगे। बताया जाता है कि इस दौरान माता पिता ने आरोपी सुनील और उसकी पत्नी रजनी पर शक जताया था। पुलिस ने आरोपी को कई बार थाने बुलाकर पूछताछ की।
सऊदी अरब से कौन करता था फोन?
आरोपी के चिन्नौर निवास पर कई अन्य युवतियों की तस्वीरें भी बरामद हुई हैं। युवती की मां एवं सयोना पंचायत की सरपंच ऋष्ठा ने बताया कि उसकी बेटी को दंपति ब्लैकमेल कर उससे अश्लील काम करवाना चाहते थे। पिछले कई दिनों से उन्हें सऊदी अरब से फोन आ रहे थे।
शिवानी ने कई बार फोन पर बताया कि उसको अनजान नंबरों से फोन आते हैं और अश्लील हरकतों के लिए उकसाते हैं। इसकी शिकायत चिनैनी थाने के अलावा गांधी नगर में की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
आरोपी पुलिस के पास होने के बावजूद हत्या का खुलासा होने में देरी पर एसएसपी ने कहा कि जांच में बड़ी संख्या में लोगों से पूछताछ हुई। इस दौरान युवती के फोन काल को भी खंगाला गया। लेकिन युवती के माता पिता द्वारा जब सुनील पर ही शक जताया गया तो पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की।
इस पर सुनील टूट गया और उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। सुनील की शिनाख्त पर ही गटर से लाश बरामद की गई। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया। जिस घर से लाश बरामद हुई, वह मोहिंदर कुमार का है, जो बाहर रहते हैं। उन्होंने मकान सुनील को किराए पर दे रखा है।