गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा जम्मू जिला कोर्ट, दो घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला कोर्ट परिसर में मंगलवार की दोपहर गोली चलने की घटना ने पुलिस प्रशासन को हिला कर रख दिया। वकीलों और लोगों से खचाखच भरे परिसर में दोपहर लगभग दो बजे गोली की आवाज से अफरातफरी मच गई।
पहले दोनों गुटों में जमकर हाथापाई हुई। एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकी गईं। इसके बाद गोली चलने से सुरिंदर सिंह काला घायल हो गया। सुरिंदर को जीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मौके पर मौजूद पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में उपयोग की गई पिस्टल भी बरामद कर ली गई। घटना के बाद आईजी दानेश राणा, डीआईजी अशकूर वानी और एसएसपी उत्तम चंद सहित अन्य पुलिस अधिकारी कोर्ट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय कुमार गुप्ता के साथ लंबी बैठक की।
आईजी सहित उच्च पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
आईजी दानेश राणा ने स्वीकार किया कि कोर्ट परिसर में हथियार के साथ पहुंचना सुरक्षा में खामी है। इसी कारण कोर्ट पुलिस चौकी के इंचार्ज दलीप सिंह को निलंबित कर दिया गया है, जबकि जानीपुर के एसएचओ अजीत सिंह को पुलिस लाइन में अटैच कर दिया गया।
मौके पर मौजूद गांधी नगर के एसएचओ बिशनेश कुमार के खिलाफ भी शिकायत की गई थी, जिस पर जांच बैठा दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार पहले ही कई मामलों में आरोपी रणजोध सिंह नलवा अदालत में किसी केस में उपस्थिति दर्ज करवाने पहुंचा था।
इसी दौरान एक अन्य मामले में पहुंचे सुरिंदर सिंह का उसका आमना सामना हो गया। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों नरवाल में सुरिंदर सिंह के भाई और मामा की हत्या के मामले में नलवा आरोपी है।
लोगों ने एक-दूसरे पर वकीलों की कुर्सियां फेंकी
जिला कोर्ट की सीढ़ियों के पास स्थित वकीलों के चैंबर के बीच दोनों की पहले कहासुनी हुई और उसके बाद उनमें हाथापाई हो गई। इस दौरान दोनों के साथ आए लोगों ने एक-दूसरे पर वकीलों की कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दी।
हाथापाई के दौरान दोनों कोर्ट की सीढ़ियों तक पहुंच गए। इसी दौरान किसी ने गोली चलाई, जो सुरिंदर के पैर पर लगी। मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान बस स्टैंड थाना प्रभारी परमजीत सिंह मौके पर मौजूद थे।
उन्होंने जानीपुर चौकी इंचार्ज एसएस सिंह के साथ मिलकर नलवा सहित छह लोगों को पकड़ पुलिस के वाहनों में बंद कर दिया। साथ ही पिस्टल भी बरामद कर ली। कोर्ट परिसर के दरवाजे बंद कर दिए गए, ताकि कोई भाग नहीं सके।
गिरफ्तार लोगों में रणजोध सिंह नलवा (तालाब तिल्लो), दविंदर सिंह (न्यू प्लाट), जसविंदर सिंह (नानक नगर), करणजीत सिंह (पटोली, जानीपुर), राजिंदर शर्मा (ओल्ड जानीपुर) और प्रणवत सिंह (गाडीगढ़) शामिल हैं।