पाक की गोलीबारी के कारण गांवों में बच्चों के स्कूलों पर लटके ताले, वीरान पड़ा सारा इलाका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उन्होंने कहा कि हमारी जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है और हमारे बच्चों के भविष्य के साथ। एक सप्ताह हो चला है और अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे स्कूलों में ताले लटके हैं। इसके बाद दो महीने की छुट्टियां पड़ जाएंगी।
सीमावर्ती इलाके में बेहतरीन शिक्षा के कोई अन्य साधन भी नहीं, न ही कोई कोचिंग सेंटर हैं जहां पिछड़े सिलेबस को बच्चे पूरा कर पाएं। इन परिस्थितियों में रोजगार भी कहां से मिलेगा, जमीन तो पहले ही पाकिस्तान के रहमो करम पर काश्त की जाती है।
लोगों ने कहा कि बच्चे पढ़ नहीं पा रहे, जान सुरक्षित नहीं तो सरकार कैसे कह सकती है कि अच्छे दिन चल रहे हैं। बीते एक सप्ताह में अंतराष्ट्रीय सीमा पर गोलाबारी में तीन दर्जन से अधिक लोग हो चुके हैं और कई लोग गोलाबारी से जान गवां चुके हैं। क्या यही सरकार का सुशासन है?
समय पर नहीं दी जा रही सतर्क रहने की जानकारी
पलायन कर राहत शिविरों में आ रहे लोगों ने प्रशासन के इंतजाम पर भी कई सवाल उठाए। लोगों ने कहा कि पहले भी गोलाबारी हुआ करती थी लेकिन इस तरह अफरातफरी नहीं फैलती थी।
बॉर्डर यूनियन के नेता भारत भूषण ने कहा कि प्रशासन और सीमावर्ती लोगों के बीच बेहतर तालमेल नहीं होने के कारण लोगों को अधिक परेशान होना पड़ रहा है। पहले जब ऐसे हालात बनते थे तो प्रशासन समय रहते लोगों को सतर्क कर देता था और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाता था।
लेकिन इस बार लोगों ने जान जोखिम में डालकर अपने परिवार को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। प्रशासन के ज्यादातर इंतजाम फेल होते दिखे। शिवरा में पानी और खाने का इंतजाम कर देने से लोगों की हर परेशानी हल नहीं होती।
समय रहते लोगों को सूचित किया जाए तो वह घरों से सुरक्षित निकल भी सकते हैं और मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा सकते हैं। शिविर में रह रहे हैं मुकेश शर्मा ने कहा कि यहां आने वाले लोगों के लिए प्रशासन की ओर से किए गए इंतजाम नाममात्र के हैं।
आम लोगों ने बढ़ाया मदद का हाथ
सीमा से पलायन कर शिविरों में आए ग्रामीणों की सहायता के लिए आम लोग भी खुलकर सामने आए। हीरानगर स्कूल में आए शरणार्थियों के लिए स्थानीय लोगों ने पानी और खाने का इंतजाम किया।
कई गैर सरकारी संस्थाएं भी इनकी मदद करने यहां पहुंचीं और खाने-पीने का सामान देकर इनकी सहायता की। स्थानीय संस्था शक्तिपुंज के कार्यकर्ता लोगों के बीच दिन-रात बने हुए हैं और हर जरूरत को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं।
नेताओं को करना पड़ रहा लोगों के गुस्से का सामना
सीमा पर गोलाबारी झेल रहे ग्रामीण घर छोड़ राहत शिविरों में रह रहे हैं। उधर, नेता एक बार फिर ग्रामीणों के दर्द सुनने के बहाने उनकी नब्ज टटोलने पहुंच रहे हैं। गोलाबारी के बाद से ही नेताओं ने एकबार फिर अंतराष्ट्रीय सीमा के इलाके में सक्रियता बढ़ा दी है।
लेकिन उन्हें ग्रामीणों के गुस्से का ही सामना करना पड़ रहा है। एक-दूसरे के सिर ठीकरा फोड़ कर राजनीतिक दलों के नेता ग्रामीणों को रिझाने की कोशिश कर रहे हैं, पर अक्सर उनको इसके लिए कोई न कोई ग्रामीण लताड़ लगा ही देता है।
सीमावर्ती ग्रामीण अशोक सिंह, रमेश कुमार, जतिंद्र कुमार, सोहन सिंह ने कहा कि नेता यह बात समझ लें कि किसी भी राजनीतिक दल को सीमावर्ती लोगों की परवाह नहीं है। यदि लोगों की सुरक्षा नहीं हो सकती। उनकी जान नहीं बचाई जा सकती तो उनके लिए कोई भी राजनीतिक दल मायने नहीं रखता। अब मौजूदा सरकार से भी उनका भरोसा उठ गया है।
राहत शिविर में लोगों का हाल जाना
सामाजिक कार्यकर्ता व पीडीपी नेता दीपक रैना ने बुधवार को पाकिस्तानी गोलीबारी के कारण अपने घरों को छोड़ राहत शिविरों में रह रहे बार्डर के ग्रामीणों से मुलाकात की व उनका हाल जाना। रैना ने हायर सेकेंडरी स्कूल हीरानगर, हाई स्कूल शेरपुर व गदियाल आदि क्षेत्रों में ग्रामीणों का दर्द जाना।
रैना ने कहा कि राज्य की गठबंधन सरकार महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व में राज्य की शांति के लिए तत्पर है, लेकिन पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि बार्डर के लोग ही देश के असली प्रहरी हैं, जो हर वक्त बिना हथियारों के बार्डर पर मौत के साए में जी रहे हैं।
बार्डर इलाकों में रहने के बावजूद भी हिम्मत वाले हैं। रैना ने शिविरों में रह रहे गोलीबारी से प्रभावित लोगों को फल आदि भी वितरित किए।