जम्मू-कश्मीरः दूसरे राज्य से लौटी बेटी से मिलकर पिता हुआ संक्रमित, परिवार के सभी सदस्य क्वारंटीन
वहीं, घगवाल में क्वारंटीन किए गए तीन लोगों के सैंपल भी पॉजिटिव आए हैं। इन तीनों के सैंपल कवारंटीन सेंटर के बजाय घगवाल कोविड अस्पताल ले जाकर लिए गए थे। प्रशासन ने संक्रमण की पुष्टि होने के तुरंत बाद चारों को अस्पताल शिफ्ट कर दिया। इनके संपर्क में आए लोगाें की पहचान की जा रही है।
जानकारी के अनुसार जिला के सीमावर्ती गांव बैनगलाड के चकला कैंप की एक युवती 14 मई को दूसरे राज्य से लौटी थी। उसे जम्मू रेलवे स्टेशन से सांबा तक बस से लाया गया। क्वारंटीन सेंटर भेजने के दौरान उसने कुछ सामान पिता को सौंपा। युवती टेस्ट में संक्रमित पाई गई।
घर लौटे पिता को दूसरे दिन क्वारंटीन किया गया, अब उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है
वहीं, घर लौटे पिता को दूसरे दिन क्वारंटीन किया गया। अब उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उसके संपर्क में रहे सभी लोगों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा चक मंगा का एक व्यक्ति 19 मई को ट्रक से दिल्ली से सांबा अस्पताल पहुंचा था। उसे भी घगवाल में क्वांरटीन किया गया। जिसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
दूसरी ओर घगवाल कस्बे में अमृतसर से अपने दोस्त के घर आए ऋिषीकेश निवासी युवक को भी कोरोना संक्रमित पाया गया। वह एक ट्रक से यहां पहुंचा था। इसे भी क्वारंटीन किया गया था। तीनों को घगवाल के ट्रामा अस्पताल में आइसोलेट किया गया है।
एक अन्य मामला गांव चलेआरी का है। व्यक्ति जख के अखिलेश फार्म मे क्वारंटीन था। यह 19 मई को मुंबई से ट्रेन से जम्मू पहुंचा। रेलवे स्टेशन पर ही इसका सैंपल लिया गया। इसकी भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में अब तक 20 मामले कोरोना पॉजिटिव आए हैं जिनमें 6 लोग ठीक हो चुके हैं। 14 कोरोना पॉजिटिव लोग आस्पताल में उपचारधीन हैं।