Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   CM Omar issues directives to provide immediate relief to affected shopkeepers

दिवाली की रात जम्मू संभाग में आग का कहर: 64 जगहों पर धधकी लपटें, वेयरहाउस की 15 दुकानें तबाह

Mon, 09 Nov 2026 01:55 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू Published by: Nikita Gupta Updated Mon, 09 Nov 2026 01:55 PM IST
सार

दिवाली की रात जम्मू संभाग में आग लगने की 64 घटनाएं सामने आईं, जिनमें जम्मू जिले में सबसे अधिक 30 मामले दर्ज हुए। वेयरहाउस नेहरू मार्केट में करीब 15 दुकानें आग की चपेट में आईं।

विज्ञापन
CM Omar issues directives to provide immediate relief to affected shopkeepers
जम्मू की अनाज मंडी में भीषण आग - फोटो : संवाद

विस्तार

दिवाली की रात जम्मू संभाग में आतिशबाजी के बीच आग की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई। संभाग के अलग-अलग जिलों में कुल 64 जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इनमें सबसे ज्यादा 30 घटनाएं जम्मू जिले में दर्ज की गईं। सबसे गंभीर घटना शहर के वेयरहाउस स्थित ऐतिहासिक नेहरू मार्केट में हुई, जहां भीषण आग ने कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती आकलन के अनुसार करीब 15 दुकानें आग से प्रभावित हुई हैं। आग से व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है।

विज्ञापन
Trending Videos

दमकल एवं आपातकालीन सेवा विभाग के अधिकारियों के अनुसार रविवार शाम पांच बजे तक संभाग में आग लगने की 11 घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद शाम पांच बजे से सोमवार तड़के तीन बजे तक 53 अन्य घटनाएं दर्ज की गईं। इस दौरान दिवाली पर जमकर हुई आतिशबाजी के बीच दमकल विभाग की टीमों को एक साथ कई स्थानों पर आग बुझाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।

आंकड़ों के अनुसार जम्मू जिले में 30, सांबा और कठुआ जिलों में कुल 10, डोडा में नौ, ऊधमपुर और रियासी में आठ, किश्तवाड़ में तीन, राजोरी-पुंछ क्षेत्र में तीन और रामबन में एक आग की घटना दर्ज की गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

वेयरहाउस की आग बनी सबसे बड़ी चुनौती
जम्मू शहर के वेयरहाउस स्थित नेहरू मार्केट में रविवार रात करीब 9:15 बजे भीषण आग लग गई। बताया गया कि आग एक दुकान से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक फैल गई। बाजार में खाद्यान्न, खाद्य तेल, घी और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान बड़ी मात्रा में रखा रहता है। दुकानों में मौजूद ज्वलनशील सामान के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया।

बाजार की दुकानें एक-दूसरे से सटी होने और गोदामों में भारी मात्रा में सामान रखे होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी परेशानी हुई। शहर के अलग-अलग दमकल केंद्रों से गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और संयुक्त अभियान चलाकर आधी रात तक आग पर काबू पाया गया। सोमवार को भी दो दमकल वाहन मौके पर तैनात रहे। आग से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है।

पहाड़ी मोहल्ले से शालीमार तक आग ने मचाई तबाही
जम्मू जिले में चार बड़ी आग की घटनाएं सामने आईं। पहाड़ी मोहल्ले में पांच मंजिला व्यावसायिक इमारत में आग लग गई। इमारत में कपड़ों और जूतों की दुकानें थीं, जबकि नीचे बेसमेंट भी बना हुआ था। आग से इमारत बुरी तरह प्रभावित हुई।

इसके अलावा शालीमार में पांच मंजिला मेडिकल स्टोर वाली इमारत की तीसरी और चौथी मंजिल आग की चपेट में आ गई। गंग्याल में एक हार्डवेयर गोदाम में भी आग लगने से नुकसान हुआ। इन घटनाओं के अलावा संभाग के विभिन्न इलाकों में भी दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी रहीं।

विज्ञापन

सीएम उमर ने प्रभावित दुकानदारों को तत्काल राहत देने के दिए निर्देश
वेयरहाउस नेहरू मार्केट में आग की घटना पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित दुकानदारों तक तत्काल राहत और जरूरी सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित व्यापारियों के प्रति संवेदना जताई है।

जितेंद्र सिंह ने जताई चिंता, महबूबा ने मुआवजे की मांग उठाई
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी वेयरहाउस अग्निकांड पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि आग से व्यापारियों और कारोबारी प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान हुआ है। दमकल विभाग की प्रतिक्रिया में देरी के आरोपों पर भी उन्होंने चिंता जताई और प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई करने की अपील की।

वहीं पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी वेयरहाउस पहुंचकर प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दिवाली के दिन हुई इस आग से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। महबूबा ने दमकल विभाग की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी आग से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से प्रभावित दुकानदारों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

दमकल विभाग की देरी को लेकर विवाद
वेयरहाउस एसोसिएशन के प्रधान दीपक गुप्ता ने आरोप लगाया कि दमकल विभाग की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचीं जिसके कारण आग कई दुकानों तक फैल गई। उनका दावा है कि नजदीकी दमकल स्टेशन महज पांच मिनट की दूरी पर होने के बावजूद दो दमकल गाड़ियां करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंचीं। उन्होंने इसे विभाग की गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और निलंबन की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी।

हालांकि दमकल विभाग के अधिकारियों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सूचना मिलते ही नजदीकी दमकल स्टेशन से दो गाड़ियां रवाना कर दी गई थीं। आग की गंभीरता को देखते हुए अन्य केंद्रों से भी अतिरिक्त वाहन बुलाए गए। अधिकारियों के अनुसार, दिवाली की रात संभाग में एक साथ कई जगह आग लगने के कारण दमकलकर्मियों पर काफी दबाव था। इसके बावजूद टीमों ने पूरी रात काम कर कई स्थानों पर आग पर काबू पाया।

बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
आग की घटनाओं के बाद भाजपा विधायक विक्रम रंधावा ने व्यावसायिक क्षेत्रों में लंबे समय के लिए बेहतर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर बड़े बाजार में आग बुझाने के लिए पानी के विशेष प्वाइंट होने चाहिए, ताकि आपात स्थिति में दमकलकर्मियों को पानी की उपलब्धता के लिए परेशान न होना पड़े।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed