J&K: गोलीबारी के बीच आरएस पुरा दौरे पर पहुंची सीएम महबूबा, दिया हर संभव मदद का भरोसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती गोलीबारी के बीच आरएस पुरा सेक्टर के दौरे पर पहुंच गई। उन्होंने हालात की समीक्षा कर ग्रामीणों का हाल चाल जाना। इस दौरान महबूबा ने कहा कि कट्टरता और हिंसा से कोई समस्या हल नहीं हो सकती है।
केवल शांति और बातचीत से ही मुद्दों को सुलझाया जा सकता है। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती सोमवार को आरएस पुरा सेक्टर के सीमावर्ती गांव चंदू चक में शुक्रवार को पाकिस्तानी गोलाबारी में जान गंवा चुके दंपति के परिजनों से मिलीं। इस दौरान पीड़ित परिवार से संवेदनाएं व्यक्त की।
उधर, रविवार शाम तरसेम के भाई कस्तूरी लाल की पत्नी की सदमे में मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार के लोगों की एक-एक लाख की तीन चेक भेंट करने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की।
उन्होंने गोलाबारी में ग्रामीणों को पहुंचे नुकसान के बारे में रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री शाम लाल चौधरी, विधायक गगन भगत, उपाध्यक्ष एससी बोर्ड भूषण डोगरा, मंडलायुक्त जम्मू हेमंत शर्मा, आईजीपी जम्मू डा. एसडीएस जमवाल और मंडल व जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
थम नहीं रही पाक की गोलीबारी
पाकिस्तान पिछले तीन दिनों से जम्मू संभाग के अरनिया, आरएसपुरा सेक्टर में जवानों की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर भारी गोलीबारी कर रहा है। इस गोलीबारी में अब तक कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं।
जबकि एक एसपीओ समेत छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं भारतीय सेना ने पाक सैनिकों का बंकर उड़ाने का एक वीडियो जारी कर ये साफ कर दिया है कि कि वो सीमा पार बैठे दुश्मनों के हर गोले का जवाब किस प्रकार से दे रही है।
पांच-पांच मरले के प्लाट और बंकरों की मांग
बासपुर पंचायत के पूर्व नायब सरपंच विजय चिब सहित अन्य ग्रामीण मुख्यमंत्री से मिले। इस मौके पर उन्होंने सीएम से सुरक्षित स्थानों पर पांच-पांच मरले के प्लाट मुहैया करवाने व सीमावर्ती क्षेत्रों में बंकरों का निर्माण करवाने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही पाकिस्तानी गोलाबारी प्रभावित गांवों में बंकरों का निर्माण करवाया जाएगा। इसके बाद अन्य गांवों में भी बंकर बनेंगे, जिससे लोगों को गोलाबारी के दौरान राहत मिलेगी।