जम्मू-कश्मीर: बौखलाए पड़ोसी की ना'पाक' हरकत, नौशेरा सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन, एक जवान शहीद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बौखलाए पाकिस्तान की नापाक हरकतें लगातार जारी है। पाक सेना से नौशेरा सेक्टर में एक बार फिर संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए भारी गोलाबारी। सेना की अग्रिम चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। सेना ने पाकिस्तानी सेना की नापाक हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दिया।
इस दौरान भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया। शहीद जवान राजीव थापा पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मचपारा गांव के निवासी थे। रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा कि पाकिस्तान सेना ने नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास और संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इस दौरान पाक सेना की ओर से की गई गोलाबारी में भारतीय सेना के जवान थापा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सैन्य अस्पताल में पहुंचाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उनकी शहादत पर लेफ्टिनेंट कर्नल ने कहा कि थापा एक बहादुर सैनिक थे। पाकिस्तान द्वारा किये गए संघर्ष विराम उल्लंघन का उन्होंने दृढ़ता और प्रभावी ढंग से जवाब दिया। लेफ्टिनेंट कर्नल आनंद ने कहा कि उनके सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्य परायणता का देश ऋणी रहेगा। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना की चौकियों को भारी नुकसान पहुंचा है, जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सैनिकों के हताहत होने की भी सूचना है।
पाकिस्तानी सेना ने रात पौने आठ बजे पलांवाला (सुंदरबनी) सेक्टर में सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर गोलाबारी शुरू कर दी। धीरे-धीरे गोले बरडोह गांव के आस-पास गिरने लगे। इससे ग्रामीणों ने दहशत में घरों में अपने को कैद कर लिया। रात पौने नौ बजे तक गोलाबारी जारी रही। इसके बाद देर रात तक रुक रुककर फायरिंग होती रही।
इससे पहले बुधवार को दोपहर एलओसी पर पलांवाला सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए करीब पौने दो घंटे तक बरडोह, बट्टल तथा केरी क्षेत्र में करीब पौने दो घंटे की गोलाबारी की थी। गत 15 अगस्त से लगातार एलओसी पर की जा रही फायरिंग में अब तक दो जवान शहीद हो गए जबकि एक नागरिक की मौत हुई है। चार जवान तथा एक बच्ची घायल हुई हैं।
मंगलवार को जिले के मेंढर के मनकोट, कृष्णा घाटी और कीरनी सेक्टर में की गई गोलाबारी में एक जवान शहीद हो गया था, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए थे। एक नागरिक की भी मौत हो गई थी। 18 अगस्त को पुंछ के मनकोट, राजोरी के नौशेरा व जम्मू के पलांवाला सेक्टर में की गई फायरिंग में पुंछ में 10 साल की लड़की घायल हो गई थी।
इससे पहले 17 अगस्त को नौशेरा सेक्टर में देहरादून निवासी लांस नायक संदीप थापा शहीद हो गए थे। स्वतंत्रता दिवस पर भी पाकिस्तान की ओर से कृष्णा घाटी सेक्टर में सेना की चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया था।