पाकिस्तान की नापाक हरकत, मनकोट सेक्टर में दागे गोले, सेना ने दिया करारा जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान की नापाक हरकत लगातार जारी हैं। आज यानी कि गुरुवार को पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया। सीमा पार से भारी गोलाबारी की जा रही है। भारतीय सेना पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का माकूल जवाब दे रही है।
पाकिस्तान की इस नापाक से ग्रामीण दहशत में आकर घरों में छिप गए। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर पुंछ और राजोरी सेक्टर में गोलाबारी की जा रही है। तीन दिन पहले उड़ी सेक्टर में भी गोले दागे गए थे।
वहीं इसी महीने की 16 तारीख को पाकिस्तान ने सुंदरबनी और गुरेज सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर अकारण संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान सेना को प्रभावी ढंग से जवाब दिया। जवाबी कार्रवाई में दो पाकिस्तानी सैनिक व तीन घुसपैठिए मारे गए, जबकि चार अन्य सैनिक घायल हुए। पाकिस्तान की कई चौकियां भी तबाह हुईं।
इसी दौरान सीमा पार से हुई भारी गोलाबारी में भारतीय सेना के जवान, हवलदार सीजे गणपति और राइफलमैन सुखविंदर सिंह शहीद हो गए। हवलदार सीजे गणपति महाराष्ट्र और राइफलमैन सुखविंदर सिंह जिला होशियारपुर, पंजाब के रहने वाले थे।
आतंकियों को घुसपैठ कराने की फिराक में पाकिस्तान
आतंकियों को सीमा पार धकेलने के लिए पाकिस्तान की ओर से अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की जा रही है। पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को मेंढर सब डिवीजन में नियंत्रण रेखा पर कृष्णा घाटी, मनकोट सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था।
सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर मोर्टार बरसाए। सेना की तरफ से की गई कार्रवाई में नियंत्रण रेखा के उस पार स्थित दराशेर खान क्षेत्र में दो पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए।
सैन्य प्रवक्ता के अनुसार सोमवार की सुबह करीब पौने दस बजे पाकिस्तानी सेना ने मेंढर सब डिवीजन के कृष्णा घाटी सेक्टर की मनकोट तहसील के दबराज, नाड़मनकोट, चोई मनकोट, बलनोई आदि क्षेत्रों में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर मोर्टार दागने शुरू कर दिए।