अब नहीं चल पाएगी खाकी की दबंगई!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थानों में जाने वाले लोगों के साथ अब खाकी दुर्व्यवहार नहीं कर पाएगी। न ही हवालात में बंद कैदियों और आम लोगों पर पुलिस कर्मी अपना रौब दिखा पाएंगे। क्योंकि हर पल इन पर तीसरी आंख की नजर रहेगी। रियासत के हर थाने में पुलिस विभाग सीसीटीवी कैमरे लगाएगी।
इस साल इस पर काम शुरू होने की उम्मीद है। विभाग ने इसे लेकर होम वर्क शुरू कर दिया है। खाकी को बदनामी के दाग से बचाने की कवायद शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि इससे थानों में भ्रष्टाचार भी कम होगा।
‘अमर उजाला’ को विशेष बातचीत में पुलिस के एआईजी, प्रोविजन, अजाज ककरू ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि रियासत के हर थाने में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई गई है।
इसकी जानकारी पुलिस महानिदेशक को भी दी गई है। उन्होंने भी इसे लेकर गंभीरता दिखाई है। काफी लंबी प्रक्रिया है, लेकिन इस पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया जा रहा है।
भ्रष्टाचार पर भी लगेगी लगाम
जानकारी के अनुसार खाकी थानों में अपनी दबंगई को लेकर अकसर बदनाम हुई है। सिपाहियों से लेकर थानेदार तक थानों में आने वाले लोगों के साथ दुर्व्यवहार के मामले सामने आए हैं।
हवालात में कैदियों को थर्ड डिग्री की यातनाएं देने पर भी कई बार मामले सामने आए। कैमरों के लगने से अब हर किसी पर नजर रहेगी।
पुलिस के पास अकसर शिकायतें पहुंचती हैं कि मुंशी से लेकर थानेदार तक रिश्वत लेते हैं। कई बार आरोप लगाए गए हैं कि पैसे लेकर मामले सुलझाए जाते हैं। ऐसा करने वालों पर भी कैमरे की नजर रहेगी।
सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद एक संयुक्त कंट्रोल रूम बनेगा। यहां पर हर पल थानों की हर एक गतिविधि पर नजर रहेगी। यदि कहीं पर कुछ भी गलत पाया गया तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।