आतंकियों की पुनर्वास योजना को रद्द करें: रैणा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नौशेरा के विधायक रविंद्र रैणा ने कहा कि राष्ट्र को लगातार नुकसान पहुंचाने वाले आतंकियों की आत्मसमर्पण के बाद पुनर्वास योजना को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। विधानसभा में ‘कट मोशन’ के दौरान चर्चा करते हुए कहा कि कौन गारंटी देगा कि यह आतंकी लौटने के बाद भविष्य में किसी तरह की आतंकी वारदातों में शामिल नहीं होंगे।
आजाद विधायक इंजीनियर राशिद ने जब उनके इस बयान का विरोध किया तो उन्होंने पलटवार करते हुए उन्हीं से पूछा कि क्या वे गारंटी लेते हैं कि भविष्य में आतंकी किसी घटना को अंजाम नहीं देंगे। इस दौरान दोनों में काफी बहस भी हुई।
रैणा ने पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार का मामला उठाते हुए गृह विभाग से मांग की कि पुलिस अफसरों की चल और अचल संपत्ति का रिकार्ड तैयार किया जाए और उसे सार्वजनिक किया जाए। पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए अफसरों की संपत्ति का रिकार्ड विभागीय वेबसाइट में जारी किया जाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस अफसरों को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। यदि एक एसएचओ गलती करता है तो डीएसपी पर एक्शन हो और यदि डीएसपी गलती करे तो एसएसपी जवाबदेह बने।
पंजाबी शिक्षकों के रिक्त पद भरेंगे: नईम
भाजपा एमएलसी चरणजीत सिंह खालसा के सवाल के जवाब में सोमवार को शिक्षा मंत्री नईम अख्तर ने कहा कि पंजाबी शिक्षकों के रिक्त पड़े पदों को जरूरत के आधार पर भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में पंजाबी के शिक्षकों की जरूरत है, वहां पर प्राथमिकता दी जाएगी। इससे पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री प्रिया सेठी ने कहा कि रियासत में मौजूदा समय में 257 विद्यार्थी पंजाबी विषय पढ़ रहे हैं।
मनरेगा की देनदारी क्लीयर होगी
विधान परिषद में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस सदस्य नरेश कुमार गुप्ता के सवाल के जवाब में ग्रामीण विकास मंत्री अब्दुल हक खान ने कहा कि एक हजार करोड़ से मनरेगा की देनदारी क्लीयर होगी। मंत्री ने कहा कि रियासत में 63 नये ब्लाक खोले गए हैं, लेकिन ग्राउंड में अभी पुराने ब्लाक ही एक्टिव हैं।
सरकार की कोशिश है कि नये ब्लाकों में भी जरूरत के अनुसार काम किया जाए। उन्होंने माना कि बजट में कमी की वजह से मनरेगा में देनदारी हो गई थी। इससे पूर्व कांग्रेस के गुलाम नबी मोंगा, जुगल किशोर, पीडीपी के सुरेंद्र चौधरी, नेकां की शहनाज गनेई और सज्जाद किचलू ने मनरेगा की देनदारी की वजह से पेश आ रही समस्याओं की तरफ सदन का ध्यान खींचा।
डोडा में 99 सड़क परियोजनाएं मंजूर: सुनील
विधानसभा में सोमवार को भाजपा विधायक शक्ति राज परिहार के प्रश्नकाल के दौरान सवाल के जवाब में सड़क एवं भवन निर्माण राज्य मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि डोडा जिले में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत 99 सड़क परियोजनाओं को मंजूर किया है।
उन्होंने 48372.33 लाख की राशि से 884.12 किलोमीटर सड़कों का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि मंजूर सड़क परियोजनाओं में से कई पर वन विभाग की क्लीयरेंस या भूमि मुआवजा या फिर अदालतों में लंबित मामलों की वजह से तेजी से काम नहीं हो पा रहा है।