Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   business news

Jammu News: धनतेरस पर बाजारों में धनवर्षा, सोने-चांदी संग खूब बिकीं गाड़ियां

विज्ञापन
business news
चांदी के हाथियों की मांग इतनी कि दोपहर तक कई दुकानों पर स्टॉक खत्म, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तनों की भी खूब बिक्री
विज्ञापन

500 से ज्यादा कारें और 950 दोपहिया वाहन बिके, करन मार्केट में तीन और मोती बाजार में दो करोड़ के कारोबार का अनुमान
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। धनतेरस पर शुक्रवार को जम्मू के बाजारों में खरीदारी का जबरदस्त उत्साह दिखा। सुबह से ही दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सोने-चांदी के दामों में गिरावट के बीच सराफा बाजार में खूब खरीदारी हुई। चांदी के हाथियों और दूसरी शुभ वस्तुओं की मांग इतनी रही कि कई दुकानों पर दोपहर तक हाथियों का स्टॉक खत्म हो गया। वाहनों के शोरूम में भी दिनभर खरीदारों की आवाजाही रही। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, जम्मू में करीब 500 कारें और 950 दोपहिया वाहन बिके। इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तनों की दुकानों पर भी ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। करन मार्केट में करीब तीन करोड़ और मोती बाजार में दो करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। पटाखों की दुकानों पर भी खरीदार पहुंचने लगे हैं।
जैन बाजार और लखदाता बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सोने और चांदी के दामों में गिरावट के चलते लोगों ने जमकर खरीदारी की। इस बार चांदी के हाथियों की खूब मांग रही। इनकी कीमत 1200 से 2,000 रुपये तक रही। मांग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई दुकानों पर दोपहर तक हाथियों का स्टॉक खत्म हो गया। इसके अलावा चांदी की छिपकली करीब 500 रुपये, मछली 1500 रुपये, लक्ष्मी चरण 300 रुपये और कछुआ करीब 500 रुपये में बिका। कामधेनु गाय की कीमत 500 से 1300 रुपये तक रही। चांदी के सिक्के 100 से 5,000 रुपये तक में बिके। चांदी की आरती और दूसरी शुभ वस्तुओं की भी लोगों ने खरीदारी की।
विज्ञापन

----
ज्वेलर्स को दिवाली पर 400 से
500 करोड़ के कारोबार का अनुमान
सराफा बाजार में सोने के आभूषणों की भी खूब बिक्री हुई। दुकानदारों के अनुसार, 10 ग्राम सोने का भाव शुद्धता के अनुसार करीब 1,32,500 से 1,46,200 रुपये के बीच रहा। वहीं, चांदी का भाव करीब 1,95,000 रुपये प्रति किलो रहा। लोगों ने पारंपरिक और नए डिजाइन के हार, चोकर और हल्के आभूषण पसंद किए। कई लोगों ने पहले से आभूषण बुक करवा रखे थे और धनतेरस पर उनकी डिलीवरी ली। स्वर्णकार संघ जम्मू के उपाध्यक्ष वरुण वर्मा ने बताया कि सोने-चांदी के दामों में गिरावट से बाजार में खरीदारी बढ़ी है। स्वर्णकार संघ का अनुमान है कि खरीदारी का यह सिलसिला जारी रहा तो दिवाली तक जम्मू जिले में 400 से 500 करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

------
धनतेरस पर महीनों बाद वाहन लेने पहुंचे खरीदार
धनतेरस पर नई गाड़ी खरीदने को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह रहा। वाहन कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, शहर में करीब 500 कारें और 950 दोपहिया वाहन बिके। कई लोगों ने पहले से गाड़ियां बुक करवा रखी थीं और शुभ मुहूर्त पर उनकी डिलीवरी ली। अखनूर रोड स्थित एक शोरूम में करीब 69 कारों की डिलीवरी हुई, जबकि जम्मू बाईपास स्थित शोरूम में करीब 70 गाड़ियां ग्राहकों को सौंपी गईं। वहीं, डिग्याना के एक दोपहिया वाहन शोरूम में करीब 150 वाहन बिके। रीना चौधरी ने बताया कि उन्होंने करीब डेढ़ महीने पहले कार बुक करवाई थी। उनकी इच्छा थी कि धनतेरस के दिन ही गाड़ी घर लेकर जाएं। इसी वजह से उन्होंने पहले ही बुकिंग करवा दी थी। फेडरेशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस पर वाहन बाजार में अच्छा कारोबार हुआ है। दिवाली तक खरीदारी जारी रहने की उम्मीद है।
-------
इलेक्ट्रॉनिक बाजार में दिखा ऑफरों का असर
करन मार्केट और राजिंदर बाजार में सुबह से ही लोग टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और दूसरे घरेलू सामान खरीदने पहुंचे। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह के ऑफर भी दिए। कारोबारी राकेश गुप्ता ने बताया कि इस बार एलईडी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन की मांग सबसे ज्यादा रही। एक 65 इंच की एलईडी खरीदने पर दूसरी एलईडी मुफ्त देने का ऑफर भी दिया गया। वहीं, फ्रिज और वॉशिंग मशीन पर दो से पांच साल तक की अतिरिक्त वारंटी दी जा रही है। करन मार्केट एसोसिएशन के अनुसार, धनतेरस तक बाजार में करीब तीन करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। दिवाली तक यह आंकड़ा 10 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।
----
इंडक्शन और स्टील के बर्तनों की भी खूब बिक्री
मोती बाजार में बर्तनों की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही रही। लोगों ने स्टील और नॉन स्टिक की कड़ाही, दूसरे बर्तन और इंडक्शन चूल्हे सबसे ज्यादा खरीदे। कारोबारी संजय पंडोह ने बताया कि रसोई में इस्तेमाल होने वाले दूसरे सामान की बिक्री अच्छी रही। मोती बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदन गुप्ता के अनुसार, धनतेरस तक बाजार में करीब दो करोड़ रुपये की बिक्री हुई है। क्रॉकरी की दुकानों पर भी ग्राहकों को 40 प्रतिशत तक की छूट दी गई।
------
पटाखों का कारोबार भी 50 लाख तक पहुंचा
दिवाली करीब आते ही पटाखों की खरीदारी भी तेज होने लगी है। कारोबारियों के अनुसार, दूसरे दिन करीब 40 से 50 लाख रुपये के पटाखे बिके। बाहु प्लाजा में दुकान लगाने वाले अनमोल ने बताया कि धनतेरस के चलते दोपहर बाद लोग पटाखे खरीदने पहुंचे। उन्हें उम्मीद है कि शनिवार और दिवाली के दिन बिक्री और बढ़ेगी। इस बार फुलझड़ी, चकरी, अनार, गोपी बम और रॉकेट की मांग है। पटाखे खरीदने पहुंचे संदीप ने बताया कि उन्होंने करीब 4000 रुपये के पटाखे खरीदे हैं। कारोबारियों के अनुसार, इस बार पटाखों के दाम पिछले साल के मुकाबले 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़े हैं।

------
मिट्टी के दीयों के साथ खुशबूदार मोमबत्तियों का रहा क्रेज
बाजारों में पारंपरिक मिट्टी के दीयों के साथ रंग-बिरंगी और खुशबूदार मोमबत्तियां भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। इस बार कस्टमाइज्ड मोमबत्तियों की भी मांग है। इनकी कीमत 500 से तीन हजार रुपये तक है। बाजार में मिट्टी के दीये 20 से 250 रुपये, सामान्य मोमबत्तियों के पैकेट 40 से 150 रुपये और खुशबूदार मोमबत्तियां 250 से 500 रुपये तक उपलब्ध हैं। सजावटी सामान और रोशनी की लड़ियों से सजे बाजारों में त्योहार की रौनक साफ नजर आई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed