जम्मू-कश्मीरः एलओसी पर गोलाबारी से तनाव के बीच डीजी एसएस देशवाल ने जांची आईबी की सुरक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एलओसी पर गोलाबारी से उत्पन्न तनाव के बीच बीएसएफ के डीजी एसएस देशवाल ने जम्मू, सांबा व कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बॉर्डर पर घुसपैठ रोकने के लिए की गई तैयारियों को जांचा। साथ ही पूरी सतर्कता के साथ घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करने और सीमा पार की गतिविधियों पर पैनी निगाह रखने की हिदायत दी।
बीएसएफ डीजी ने दौरे के दूसरे दिन रविवार को सांबा और कठुआ जिले में बॉर्डर इलाकों का दौरा किया। इन दोनों जिलों में उन्होंने अग्रिम चौकियों का दौरा किया। इस दौरान हीरानगर सेक्टर में चल रहे सुरक्षा बांध के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने सीमा पर सुरक्षा के लिए की गई तैयारियों के साथ ही पाकिस्तान की गतिविधियों पर निगरानी रखने को कहा। खासकर ड्रोन की गतिविधियों पर नजर रखने की हिदायत दी। कहा कि हर उस संभावित स्थान पर अधिक सतर्कता बरती जाए जहां से घुसपैठ की आशंका हो। नदी-नाले पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।
उन्होंने चिनाब नदी में भी अतिरिक्त पेट्रोलिंग बढ़ाने की हिदायत दी ताकि नदी के रास्ते से किसी प्रकार की घुसपैठ की कोशिशों को नकारा किया जा सके। इससे पहले शनिवार को उन्होंने परगवाल और अखनूर इलाके का दौरा किया था।
अधिकारियों के साथ की बैठक
डीजी ने बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरी स्थिति पर नजर रखने की हिदायत दी। इस दौरान उन्हें अंतरराष्ट्रीय सीमा पर की गई सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी गई। बताया गया कि कोरोना महामारी के बीच एहतियात बरतते हुए जवान सीमा की सुरक्षा में जुटे हुए हैं।