शाह के सामने भाजपा नेताओं ने मंत्रियों के कामकाज पर निकाली भड़ास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, जिसमें अमित शाह, महासचिव संगठन रामलाल, महासचिव राम माधव और अनिल जैन के समक्ष भाजपा के कुछ नेताओं ने मंत्रियों की कार्यशैली पर उंगली उठाई। भाजपा के प्रदेश संगठन नेताओं, मंत्रियों, विधायकों व प्रमुख नेताओं के साथ कन्वेंशन सेंटर में क्लोज डोर मीटिंग के दौरान जिला अध्यक्ष स्तर के एक नेता ने मंत्री के कामकाज पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि वह जिला अध्यक्ष है, लेकिन विधानसभा क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों में न तो उन्हें विश्वास में लिया जाता है और न ही मंत्री पार्टी नेताओं की सुनते हैं। ऐसे में भाजपा की छवि धूमिल हो रही है।
इसी तरह पूर्व विधायक रहे एक नेता ने कहा कि एमएलसी की सीटों पर एकतरफा फैसले लिए गए हैं। बड़े-बड़े लोग पार्टी में आते हैं और एमएलसी बना दिए जाते हैं, लेकिन पार्टी में जमीनी स्तर पर काम करने वालों को पूछा नहीं जाता। जम्मू संभाग में विकास की मंद रफ्तार को तेज करने और पीडीपी के दबाव में न आने की भी मांग भाजपा के नेताओं ने की।
शाह ने पार्टी नेताओं से कहा कि वह मंत्रियों व विधायकों के कामकाज का फीड बैक ले रहे हैं और जो सही होगा वही निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता में जम्मू कश्मीर शामिल है और यहां पार्टी मजबूत हो, इसके लिए सभी नेता कार्यकर्ता मिलजुलकर काम करें।
पीडीपी भाजपा सरकार को कोई खतरा नहीं : खन्ना
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जम्मू कश्मीर प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा है कि रियासत में पीडीपी भाजपा गठबंधन सरकार पर कोई खतरा नहीं है। जम्मू कन्वेंशन सेंटर में भाजपा की बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब में खन्ना ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह संगठनात्मक कार्य से विस्तार यात्रा के तहत राज्य के दौरे पर आए हैं।
उन्होंने कहा कि दौरे का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के जन कल्याणकारी कार्यों का लाभ जमीनी स्तर पर पहुंचे, इसके लिए प्रदेश इकाइयों को बूथ स्तर पर सक्रिय करना है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर पीडीपी भाजपा सरकार को कोई खतरा नहीं है और सरकार काम करती रहेगी।