अमरनाथ यात्रियों के लिए जगह जगह लगाए गए भंडारे, भक्तों की भीड़ से गुलजार हुई घाटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पवित्र बाबा श्री अमरनाथ की वार्षिक यात्रा पर आने वाले भक्तों के लिए जगह-जगह भंडारे लगाए गए हैं। इन भंडारों में खाने-पीने के प्रबंध के साथ हर सुविधा का प्रबंध रखा गया है। इन सब सुविधाओं के मिलने से यात्रियों में खुशी है।
पहलगाम का नुनवन बेस कैंप जहां आजकल 24 घंटे रौनक है, वहां आने वाले शिव भक्तों के लिए सुविधा का खास ख्याल रखा गया है। गौरी शंकर विशाल भंडारे के प्रधान विशाल बंसल ने कहा कि वह कई वर्षों से यात्रा के दौरान भक्तों के लिए भंडारा लगाते आ रहे हैं। भोले के भक्तों को कोई असुविधा न हो, उसका पूरा खयाल रखा जाता है।
बाबा बर्फानी की यात्रा करने आ रहे भक्तों के लिए खाने-पीने के एक से बढ़कर एक पकवान बनाए जाते हैं। इसमें श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के जारी नियमों का खास पालन किया जाता है। बंसल के अनुसार इसके अलावा यात्रियों के रहने की भी व्यवस्था और जरूरी दवाइयां भी रखी जाती हैं। हर रोज सुबह यात्रा पर जाने वाले भक्तों में विशेष तौर से ड्राई फ्रूट, फेस लोशन आदि चीजें भी बांटी जाती हैं। उन साधुओं के लिए जो नंगे पैर आते हैं, उन्हें नए स्पोर्ट्स शूज (जूते) भी रखे गए हैं।
बेस कैंप पहुंचे यात्री सभी प्रबंधों से खुश हैं। भक्तों के अनुसार जितना प्रबंध सरकार और प्रशासन ने किया है, उतना ही भंडारे वालों और अन्य लोगों का भी सहयोग है। दिल्ली से आए एक यात्री रमेश कुमार के अनुसार वह पहली बार अमरनाथ यात्रा पर आए हैं और उन्हें यह देख कर काफी खुशी हुई है कि भंडारे वाले और अन्य लोग भी बराबर की व्यवस्था किए हुए हैं। किसी चीज की यहां कमी महसूस नहीं हो रही है। खाना-पीना सब एकदम सही से व्यवस्था में है।
वाराणसी से आए श्रद्धालु प्रभाकर त्रिपाठी के अनुसार जम्मू से लेकर पहलगाम तक हर पड़ाव पर विशाल भंडारे लगाए गए हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आती है। यहां बताना जरूरी है कि आधार शिविरों से पवित्र गुफा तक हर जगह पड़ाव पर भक्तों की सुविधा के लिए भंडारे हैं।