खराब मौसम से मुसीबतें बढ़ीं, हजारों वाहन फंसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खराब मौसम से राहत नहीं मिल पाई है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार तीसरे दिन भी नहीं खुल पाया है। उधमपुर के खैरी इलाके में ताजा भूस्खलन ने हजारों वाहनों के पहिये दोबारा रोक दिए हैं।
रामबन-बनिहाल के बीच फंसे वाहनों को शाम को जम्मू की ओर छोड़ा गया, लेकिन दोबारा बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हाईवे के लगातार बंद रहने से जम्मू बस स्टैंड में फंसे करीब आठ सौ यात्रियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हलकी बारिश हो सकती है।
उधमपुर जिला मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर खैरी में शनिवार सुबह छोटी गाड़ियों को आगे छोड़ा गया, लेकिन राजमार्ग पर दोबारा मलबा आ जाने से हाईवे बंद कर दिया गया। खैरी के दो किलोमीटर क्षेत्र को डेंजर जोन घोषित किया गया है।
टनल से निकाली गई कुछ गाड़ियां
हाईवे बंद होने से बाईपास और रैंबल में गाड़ियों को रोक दिया गया है। इसमें छोटे वाहनों के अलावा कुछ यात्री वाहन भी शामिल हैं। एसएसपी नेशनल हाईवे संजय कोतवाल के अनुसार करीब एक हजार वाहन दोनों ओर से फंसे हुए हैं।
ट्रकों को नगरोटा और उधमपुर बाईपास पर रोका गया है। डोडा, भद्रवाह, किश्तवाड़ मार्ग से आने वाली गाड़ियों को ही छोड़ा जा रहा है।
जिला मुख्यालय से बीस किलोमीटर दूर धार रोड पर मनवाल दरसू क्षेत्र में अचानक भूस्खलन के कारण उधमपुर-कठुआ मार्ग भी बंद हो गया।
भूस्खलन टनल के बिल्कुल करीब से हुआ और पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण एक तरफ से टनल बंद हो गई। भूस्खलन रुकने के बीच रुक-रुककर गाड़ियां एक तरफ के टनल से निकलीं।
धार का यह मार्ग सांबा, बिलावर, बसोहली और कठुआ को उधमपुर से मिलाता है। उधमपुर में शनिवार को दिन में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। जिले में खराब मौसम से इंटरनेट सेवा प्रभावित हो रही है।
बनिहाल से छोड़े 700 वाहन
इस बीच शाम तीन बजे बनिहाल और रामसू के बीच फंसे करीब सात सौ छोटे-बड़े वाहनों को जम्मू की ओर छोड़ा गया, लेकिन चार बजे दोबारा बारिश शुरू हो जाने से हाईवे को क्लीयर करने में दिक्कतें आ रही हैं। राजोरी में शाम तीन बजे से ढाई घंटे तक जोरदार तेज बारिश से चारों ओर जलभराव हो गया।
उपायुक्त बारामुला पीरजादा मुश्ताक अहमद ने सब डिवीजन राफियाबाद के खाहमूव, ब्रदुब, वुलुत्रा, शितलो गांवों में भूस्खलन से प्रभावित 62 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। सीएपीडी मंत्री चौधरी जुल्फिकार अली ने विभागीय अधिकारियों को पुंछ जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव, राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
घाटी में दिन को धूप खिलने के बाद शनिवार शाम को फिर बारिश हुई। मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने बताया कि चौबीस घंटों में हल्की बूंदाबांदी से अभी ठंडक कायम रहेगी, लेकिन अगले कुछ दिनों तक मौसम में सुधार रहेगा।
टोल प्लाजा को लेकर बढ़ रहा विरोध
बन टोल प्लाजा पर वसूले जा रहे टैक्स को लेकर उधमपुर, रियासी और जम्मू जिले में विरोध बढ़ता जा रहा है। इसके विरोध में लोग सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। जब से बन टोल प्लाजा पर टैक्स वसूली का काम शुरू हुआ है, तब से ही लोगों ने इसका विरोध भी शुरू कर दिया है।
विरोध प्रदर्शन की शुरूआत उधमपुर जिले से हुई थी। उधमपुर जिले के लोगों का कहना है कि बन टोल प्लाजा पर जरूरत से कहीं अधिक टैक्स वसूला जा रहा है। अब कुछ दिनों से कटड़ा और रियासी के लोग भी इसे लेकर प्रदर्शन करने लगे हैं। कटड़ा व रियासी के लोगों का कहना है कि उनको केवल 21 किलोमीटर का सफर ही फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर तय करना है।
बाकी का सफर साधारण सड़क के जरिए ही करना पड़ता है। फिर उनसे इतना अधिक टैक्स क्यों वसूला जा रहा है। इससे कटड़ा में माता वैष्णो देवी के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।