श्रीनगर में फिर सीआरपीएफ के वाहन पर हमला, एक नागरिक की मौत, 18 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रीनगर के जहांगीर चौक में शाम करीब 5:30 बजे आतंकियों ने वहां से गुजर रही एक सीआरपीएफ की गाड़ी को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड दागा। आतंकियों का निशाना चूक गया और ग्रेनेड सड़क पर जा फटा। इसमें कई लोग घायल हो गए।
श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट नजीर अहमद चौधरी ने बताया कि ग्रेनेड हमले में घायल 18 लोगों को अस्पताल लाया गया है। एक घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था, जिसकी पहचान बडगाम जिले के मकसूद अहमद शाह के रूप में हुई है। श्रीनगर के एसएसपी इम्तियाज इस्माइल परे ने बताया कि विस्फोट में ग्रेनेड दागने वाला भी घायल हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के बाद इसकी पड़ताल की जा रही है।
बताया जाता है कि मकसूद पेशे से कारपेंटर था। वह पिछले 20 दिनों से निशात ब्रान में काम कर रहा था। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें पुत्र फैजान (10) व पुत्री सीरत (8) है। घटना के तुरंत बाद पुलिस और सीआरपीएफ के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। इस दौरान आसपास के इलाकों में भी तलाशी अभियान शुरू किया गया। ज्ञात हो कि बुधवार को दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकियों ने माइनॉरिटी पिकेट पर हमला किया था। सतर्क पुलिस जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए आतंकियों की हथियार छीनने की कोशिश को नाकाम कर दिया था।
बुधवार को शोपियां में पुलिस थाने पर भी हुआ था हमला
वहीं दक्षिणी कश्मीर के शोपियां पुलिस थाने पर भी बुधवार को आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया। हालांकि ग्रेनेड नहीं फटा, जिससे कोई जानी नुकसान भी नहीं हुआ। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शोपियां पुलिस थाने पर आतंकियों ने ग्रेनेड फेंका।ग्रेनेड फेंकने के बाद आतंकी मौके से भाग निकले। ग्रेनेड थाने के गेट के पास गिरा, लेकिन फटा नहीं।
इससे थाने में मौजूद पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। बाद में पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को सूचना दी। बम निरोधक दस्ते ने ग्रेनेड को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर नष्ट कर दिया। वहीं पुलिस ने इलाके की घेरेबंदी कर आतंकियों की तलाश के लिए अभियान छेड़ा, लेकिन कोई आतंकी हाथ नहीं आया।