अमित शाह बोले: नेकां-कांग्रेस सत्ता में आई तो जम्मू-कश्मीर में लौटेगा आतंकवाद, रुकेगा विकास
नेकां के एजेंडे पर बोलते हुए शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कोई स्वायत्तता प्रस्ताव लागू नहीं होगा। हम फिर से जम्मू-कश्मीर के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।
विस्तार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अगर नेकां और कांग्रेस की गठबंधन सरकार आती है तो पीछे-पीछे आतंकवाद भी आएगा। दोनों दल आतंकवाद, अलगाववाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते रहे हैं।
नेकां के एजेंडे पर बोलते हुए शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कोई स्वायत्तता प्रस्ताव लागू नहीं होगा। हम फिर से जम्मू-कश्मीर के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। शाह शनिवार को जम्मू में पार्टी के विजय संकल्प बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे।
शाह ने कहा, कांग्रेस, पीडीपी और नेकां के शासन में जम्मू-कश्मीर के विकास पर उचित धनराशि खर्च नहीं की गई। इन तीनों परिवारों ने सिर्फ अपना पेट भरा और चरम सीमा तक भ्रष्टाचार किया। अगर नेकां-कांग्रेस सत्ता में आई तो जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद बढ़ने के साथ यहां का विकास भी रुक जाएगा। खासतौर पर जम्मू वालों को कोई भी चीज मांगने के लिए दोबारा कश्मीर जाना पड़ेगा।
कांग्रेस और नेकां आरक्षण को खत्म करने की वकालत कर रहे हैं, लेकिन मैं राहुल से कहता हूं कि भाजपा गुज्जर, बक्करवालों, पहाड़ियों और दलितों का आरक्षण किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने देगी। यह फैसला अब इस चुनाव में खासतौर पर युवाओं को करना है कि उन्हें क्या दोबारा पत्थर चाहिए या लैपटॉप या विकास। आज जम्मू-कश्मीर को पूरा देश देख रहा है। हमने यहां के बिजली ढांचे में सुधार लाया है। भविष्य में कई परियोजनाओं के कार्यान्वयन से बिजली उत्पादन बढ़ने के साथ अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
आतंकवाद में 70 प्रतिशत तक आई कमी
शाह ने कहा, नेकां ने डोगरा महाराजाओं का अपमान किया। महाराजा हरि सिंह के जन्मदिन पर भाजपा ने छुट्टी दिलाई। आतंकवाद में 70 प्रतिशत तक की कमी आई है। कश्मीर में रात में सिनेमा घर चल रहे हैं। ताजिया के जुलूस और महत्वपूर्ण यात्राएं सुरक्षित निकल रही हैं। उन्होंने दोहराया जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खात्मे और इसके समर्थन देने तक पड़ोसी देश पाकिस्तान से कोई बातचीत नहीं की जाएगी।