पढ़िए, 2015 की अमरनाथ यात्रा का पूरा कार्यक्रम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमरनाथ यात्रा दो जुलाई से शुरू होगी। छह साल बाद श्री अमरनाथ यात्रा की अवधि 59 दिन की होगी। इससे पहले वर्ष 2009 में यात्रा 60 दिन चली थी। वर्ष 2014 के मुकाबले इस बार यात्रा की अवधि 15 दिन ज्यादा रहेगी। यात्रा पुरुषोत्तम पूर्णिमा पर आगामी दो जुलाई को शुरू होकर श्रवण पूर्णिमा (रक्षाबंधन) पर 29 अगस्त को संपन्न होगी।
देशभर के राज्यों और केंद्र शासित राज्यों में एक मार्च से यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जेष्ठ पूर्णिमा पर 2 जून को विशेष पूजा अर्चना होगी। रविवार को राजभवन जम्मू में राज्यपाल एवं बोर्ड चेयरमैन एनएन वोहरा की अध्यक्षता में श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की 28वीं बैठक में यह फैसले लिए गए।
श्री श्री रविशंकर की अध्यक्षता में गठित सब कमेटी के सुझावों पर बोर्ड की बैठक में गौर किया गया। इसमें यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अन्य बिंदुओं पर चर्चा करते हुए इस बार यात्रा को करीब दो माह करने का फैसला किया गया।
यात्रा अवधि के दौरान पहलगाम-चंदनबाड़ी और बालटाल ट्रैक से 7500-7500 श्रद्धालुओं के अलावा हेलीकाप्टर सेवा को मिलाकर रोजाना कुल 16 हजार श्रद्धालुओं को यात्रा की इजाजत होगी। वर्ष 2014 में 28 जून को औपचारिक तौर पर यात्रा शुरू की जानी थी, लेकिन चंदनवाड़ी से पवित्र गुफा और शेषनाग-पंजतरणी ट्रैक पर भारी बर्फबारी के चलते यात्रा दो जुलाई को शुरू हो सकी।
मेडिकल प्रमाण पत्र बनाना अनिवार्य होगा
यात्रा के दौरान आधिकारिक तौर पर 46 लोगों की विभिन्न कारणों से मौत हुई। इनमें 39 भक्त, दो साधु तथा पांच सेवादार शामिल थे। वर्ष 2015 की यात्रा के पंजीकरण के लिए भी हर श्रद्धालु के लिए मेडिकल प्रमाण पत्र बनाना अनिवार्य होगा।
बोर्ड के सीईओ राज्यों और केंद्र शासित राज्यों को सूचना देकर कंपलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट के लिए मान्यता प्राप्त डाक्टरों/मेडिकल संस्थानों की जानकारी सार्वजनिक करेंगे। इस जानकारी को बोर्ड की वेबसाइट पर डाला जाएगा। श्राइन बोर्ड यात्रा के मद्देनजर स्वास्थ्य संबंधी सलाह और अन्य जानकारियों के लिए देश भर में प्रचार प्रसार अभियान विभिन्न माध्यमों से शुरू करेगा।
बैठक में अमरनाथ यात्रा 2015 के एक्शन प्लान की समीक्षा की गई। इस मौके पर बोर्ड के सदस्य श्री श्री रवि शंकर, पंडित भजन सोपोरी, प्रो. वेद कुमारी घई, विजय धर, डीसी रैणा, डॉ. चंद्र मौली रैना, राकेश कुमार गुप्ता, प्रीतपाल सिंह मौजूद रहे।