जम्मू एयरपोर्ट का होगा विस्तार: प्रस्तावित डिजाइन जारी, 861 करोड़ रुपये से होगा निर्माण, ऐसे दिखेगा हवाई अड्डा
जम्मू एयरपोर्ट विस्तारीकरण का प्रस्तावित डिजाइन एयरपोर्ट प्राधिकरण ने जारी कर दिया है। इस पर 861 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इसमें एक सिविल एन्क्लेव और 56693 स्क्वेयर मीटर में नया टर्मिनल बनेगा।
विस्तार
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण मजबूत, टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार विमानन बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए अपने मौजूदा हवाई अड्डों का आधुनिकीकरण कर रहा है। इसी कड़ी में जम्मू एयरपोर्ट विस्तारीकरण का प्रस्तावित डिजाइन एयरपोर्ट प्राधिकरण ने जारी कर दिया है। इस पर 861 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इसमें एक सिविल एन्क्लेव और 56693 स्क्वेयर मीटर में नया टर्मिनल बनेगा। 36 चेक इन काउंटर, छह एयरोब्रिज, एप्रन, 16 सेल्फ चेक-इन कियोस्क, 11 सुरक्षा जांच लेन और 13 कोड सी विमान की पार्किंग के लिए एक एप्रन बनेगा।
जम्मू एयरपोर्ट का आधुनिकीकरण होने से एयरपोर्ट प्रति वर्ष 40 लाख यात्रियों को संभाल सकेगा। एयरपोर्ट टर्मिनल की नई बिल्डिंग पांच स्टार रेटिंग के तहत बनेगी। नया सिविल एन्क्लेव सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे लोगों का सफर सुगम होगा।
जम्मू एयरपोर्ट से वर्तमान में प्रतिदिन 30 से 32 विमानों का संचालन हो रहा है। नया सिविल एन्क्लेव बनने से यात्रियों के साथ-साथ विमानों की संख्या बढ़ेगी। एयरपोर्ट का आधुनिकीकरण होने से जम्मू संभाग में पर्यटन के साथ उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। बड़े माल वाहक विमानों का संचालन होगा, जिससे सामान के आयात और निर्यात में भी सुविधा होगी। कम समय में ज्यादा से ज्यादा सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंच सकेगा। जम्मू एयरपोर्ट का नया टर्मिनल बेलीचराना की तरफ से बनेगा। वर्तमान में पशुपालन विभाग के पास पड़ी कुछ भूमि के हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है, जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया और फिर निर्माण कार्य शुरू होगा।