परगवाल। सीमा क्षेत्र परगवाल में शुक्रवार को ग्रामीणों ने चिनाब पर परगवाल और ज्यौड़ियां को जोड़ने वाले पुल का निर्माण शुरू न होने को लेकर रोष जताया। ग्रामीणों का कहना था कि केंद्र सरकार बड़े-बड़े कार्यों को अंजाम दे रही है। परगवाल में चिनाब पर बनने वाले पुल का निर्माण कई माह से बंद है। सरकार इसकी तरफ ध्यान नहीं दे रही है।
समाजसेवी दविंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार अपने काम को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कर लोगों से जुड़ने की बात करते हैं, लेकिन चिनाब पर बनने वाले पुल को लेकर कोई भी स्थानीय नेता कुछ बोलने को तैयार नहीं। उनका कहना था कि क्षेत्र तीन तरफ पाकिस्तान की सीमा से घिरा है। पाकिस्तान की फायरिंग में लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए बनने वाले इस पुल का सहारा है। इसको लेकर लोग इस पुल को जल्दी बनता हुआ देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर थोड़े दिनों के अंदर पुल का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वह इसको लेकर बड़ा प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर बलवान सिंह, प्रवीण सिंह, बचन लाल, राम लाल समेत कई लोग उपस्थित थे।