Amarnath Yatra 2022: चार चरण में होगा तत्काल पंजीकरण, टोकन मिलने के बाद 220 रुपये लगेगा शुल्क
जिला प्रशासन की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक जम्मू में रेल व हवाई मार्ग से आने वाले यात्रियों को तत्काल पंजीकरण के लिए सबसे पहले रेलवे स्टेशन के निकट सरस्वती धाम जाकर टोकन नंबर प्राप्त करना होगा। इस टोकन में पंजीकरण का स्थान और तिथि बताई जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
श्री अमरनाथ यात्रा 2022 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जम्मू में देशभर से आने वाले तीर्थ यात्रियों का चार चरणों में तत्काल पंजीकरण किया जाएगा। इसमें पहले यात्री को टोकन जारी किया जाएगा, जिसके बाद निर्धारित स्थान और तिथि के मुताबिक पंजीकरण की सुविधा दी जाएगी। तीर्थ यात्रियों को पंजीकरण केंद्र पर ही आरएफआईडी (रेडियो फ्रिक्वेंसी शिनाख्त) टैग प्रदान किया जाएगा जो यात्री परमिट के साथ अनिवार्य होगा। यात्रा में पहली बार भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए टैग व्यवस्था को शुरू किया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन के निकट सरस्वती धाम जाकर टोकन नंबर प्राप्त करना होगा
जिला प्रशासन की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक जम्मू में रेल व हवाई मार्ग से आने वाले यात्रियों को अग्रिम पंजीकरण के लिए सबसे पहले रेलवे स्टेशन के निकट सरस्वती धाम जाकर टोकन नंबर प्राप्त करना होगा। इस टोकन में पंजीकरण का स्थान और तिथि बताई जाएगी। पंजीकरण के लिए यात्री का आधार कार्ड अनिवार्य होगा। पंजीकरण केंद्रों पर ही तत्काल चिकित्सा जांच की जाएगी। इसके अलावा यात्री निर्धारित सरवाल अस्पताल, गांधीनगर अस्पताल और राजीव गांधी अस्पताल कुंजवानी जम्मू में जाकर चिकित्सा जांच करवा सकते हैं।
पंजीकरण के लिए अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जरूरी
पंजीकरण के लिए अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जरूरी है। टोकन मिलने के बाद 220 रुपये का शुल्क देकर यात्री वैष्णवी धाम (रेलवे स्टेशन जम्मू ), पंचायत भवन (रेलवे स्टेशन जम्मू), महाजन सभा (शालामार जम्मू) के अलावा साधु संतों के लिए राम मंदिर पुरानी मंडी और गीता भवन परेड में पंजीकरण किया जाएगा। आधार शिविर भगवती नगर जम्मू में केवल पंजीकृत यात्रियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। यात्रियों को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक यात्री निवास से बाहर रहने की अनुमति होगी।
जेकेआरटीसी वाहन का टिकट यात्री निवास पर ही उपलब्ध होगा
अपने निजी वाहन से जाने वाले यात्री रात दस बजे से पहले ईंधन भरने के बाद यात्री निवास भगवती नगर में रिपोर्ट करेंगे, ताकि वे जत्थे का हिस्सा बन सकें। यात्रा के दौरान जेकेआरटीसी वाहन का टिकट यात्री निवास पर ही उपलब्ध होगा। प्री रेजिस्ट्रेशन (ऑनलाइन) यात्री निवास, हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से अपने आरएफआईडी टैग प्राप्त कर सकते हैं। यात्रियों को शहर के चिन्हित स्थानों पर निशुल्क वाईफाई की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
तीस स्थानों पर ठहर सकेंगे भोले के भक्त
अमरनाथ यात्रा के दौरान शिवभक्त शहर और आसपास के तीस स्थानों पर आवास की सुविधा ले सकेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से भवन, सभा और सरायों को निर्धारित किया गया है। इसमें यात्री निवास भगवती नगर जम्मू, सरस्वती धाम, वैष्णवी धाम, लक्ष्मी नारायण मंदिर गांधीनगर, बांके बिहारी मंदिर नानक नगर, शिव मंदिर मिनी मार्केट रेलवे स्टेशन जम्मू, अग्रवाल धर्म सभा गुम्मट, गुरु रविदास मंदिर कृष्णा नगर जम्मू, हनुमान मंदिर मांडा, त्रिकुटा यात्री निवास अंबफला में ठहर सकेंगे।
यहां भी रुकेंगे यात्री
राम मंदिर पुरानी मंडी (साधु), सनातन धर्म सभा गीता भवन, रघुनाथ मंदिर, डोगरा सदर सभा, ब्राह्मणा सभा परेड ग्राउंड, जंडियाल बिरादरी हाल गोल, राजपूत सभा पुरानी मंडी, बागवानी गेस्ट हाउस नरवाल, सरस्वती भवन सेंट पीटर स्कूल, यूथ हास्टल नगरोटा, सर्व शक्ति चंडी माता मंदिर, जेडीए क्लब रूप नगर, तवी महल उदयवाला, पीरखो मंदिर, आरटीओ क्लब भलवाल, खजूरिया बिरादरी सभा बाहू फोर्ट, जैन सभा मोती बाजार, हरि भवन सराय धर्मार्थ ट्रस्ट हरि बाजार, सराय झिड़ी और मुनि बाबा मंदिर पंजतीर्थी जम्मू शामिल हैं।