हीरानगर। दयाला चक बिलावर सड़क पर यात्री बस ट्रक से टकराकर खाई में लुढ़क गई। इसमें 11 यात्री घायल हो गए, जिनमें से छह गंभीर घायलों को जीएमसी कठुआ भेजा गया, जबकि अन्य पांच घायलों का उपचार उप जिला अस्पताल हीरानगर में किया गया।
जानकारी के अनुसार जम्मू से बिलावर जा रही बस की थैं गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टक्कर हो ग्रई, जिससे यह बस खाई में लुढ़क गई। गनीमत यह रही कि कुछ पेड़ों में फंसने से बस गहरी खाई में नहीं गिरी और बड़ा हादसा टल गया। 11 लोग इस हादसे में घायल हुए हैं। इनमें से छह को जीएमसी कठुआ भेजा गया। इनकी पहचान गिरधारी लाल निवासी थड़ा कल्याल बिलावर, धरम चंद निवासी गलक, सुदेश कुमार निवासी गलक, रामकुमार निवासी महानपुर, मोहम्मद हुसैन निवासी छलां, राजकुमार निवासी गलक के रूप में हुई। अन्य पांच घायलों को उप जिला अस्पताल हीरानगर भेजा गया। इनकी पहचान बलविंदर दास निवासी थड़ा कल्याल, दीपक कुमार निवासी धर्मकोट, राजकुमार निवासी रजवालता, पंकज शर्मा निवासी गुड़ा कल्याल और राजकुमार निवासी मछेडी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।