अमरनाथ यात्रा के लिए 85 भंडारा कमेटियों का पंजीकरण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
2 जुलाई से 29 अगस्त तक की श्री अमरनाथ यात्रा के लिए बुधवार को सबलो (श्री अमरनाथ बर्फानी लंगर आर्गनाइजेशन) की बैठक हुई। यह बैठक इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित शिव मानस मंदिर में हुई।
बैठक में श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के निर्देशानुसार पंजीकरण प्रक्रिया में सबलो के सदस्य संगठनों ने पंजीकरण करवाया। सबलो के प्रधान विजय ठाकुर और महासचिव राजन गुप्ता ने बताया कि बुधवार को 85 भंडारा कमेटियों ने भंडारे के लिए पंजीकरण कराया।
यात्रा के दौरान भंडारा प्रबंधन को सुचारु रूप से आयोजित करने के लिये वर्ष 2005 में सबलो का गठन किया गया था। इसमें समूचे उत्तर भारत सहित गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के 121 संगठन सदस्य हैं।
विजय ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित मीटिंग में उन मुद्दों पर भी विचार विमर्श किया गया जिसमें भंडारा प्रबंधन के दौरान श्राइन बोर्ड की कुछ लागू शर्तें इन कमेटियों को मान्य नहीं हैं।
हर यात्री अतिथि है
सबलो के महासचिव राजन गुप्ता ने बताया कि श्राइन बोर्ड की पहली शर्त है कि भंडारा स्थल के टेंटों में अधिक से अधिक 50 गरीब लोग या साधु संतों के ही विश्राम की व्यवस्था हो। इसे सबलो ने सिरे से नकार दिया।
गुप्ता ने बताया कि भंडारा कमेटियों के पास आया हर यात्री उनके लिये अतिथि है। उसके सत्कार के लिये वे किसी को भी निराश नहीं कर सकते। पिछले कई वर्षों से कमेटियां भक्तों को निशुल्क रात्रि ठहराव की भी व्यवस्था करती आईं हैं। उन्होंने बोर्ड से मांग की है कि फैसले पर पुनर्विचार किया जाए।
गुप्ता ने खुशी प्रकट करते हुए कि भंडारा कमेटियों के लिए अपनी खाद्य सामग्री के भंडारण (स्टोरेज) के लिए बेस कैंपों में गोदाम दिए जाते हैं। इसके लिए निर्धारित 150 स्क्वायर के स्थान पर अब 1200 स्क्वायर फुट जगह दी जाएगी।
हर साल सबलो की ओर से मान्यता प्राप्त भंडारा कमेटियां शेषनाग, बालटाल, दुमेल, गुफा, पंचतरणी, बराड़ी मार्ग, संगम, केलनार, पोशपत्थरी, जोजीपाल, पिस्सूटाप, नागाकोटि, चंदनबाड़ी, नोनवान में भंडारे का आयोजन करती हैं।