J&K: विधान परिषद् चुनाव में छह सीटों के लिए आठ उम्मीदवारों ने भरा नामांकन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर विधान परिषद की छह सीटों के लिए बुधवार को नामांकन भरने के आखिरी दिन आठ उम्मीदवारों ने नामांकन भरा। भाजपा से सबसे ज्यादा चार उम्मीदवारों ने पर्चा भरा। इनमें जम्मू संभाग से विक्रम रंधावा, पुंछ जिले से प्रदीप शर्मा और कश्मीर प्रोवेंस की एक सीट के लिए गिरधारी लाल रैणा उर्फ अजय भारती और अशोक कुमार भट्ट (कवरिंग उम्मीदवार) ने नामांकन भरा।
पीडीपी से जम्मू संभाग की सीट से अब्दुल क्यूम डार और कश्मीर संभाग से यासिर रेशी ने पर्चा दाखिल किया। कांग्रेस से जम्मू संभाग की सीट के लिए ठाकुर बलबीर सिंह और नेशनल कांफ्रेंस से आगा सईद महमूद ने पर्चा दाखिल किया।
विधानसभा सचिव मोहम्मद रमजान जोकि विधान परिषद चुनाव के रिटर्निंग अफसर भी हैं, के कार्यालय में उम्मीदवारों ने अपनी पार्टियों के नेताओं, मंत्रियों और पूर्व मंत्रियों की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। चुनाव में विपक्षी दल नेकां और कांग्रेस के आपसी तालमेल में एक-एक सीट पर ही उम्मीदवार उतारे जाने से छह सीटों में चार पर भाजपा-पीडीपी के उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना और कश्मीर की एक सीट पर नेकां उम्मीदवार का चुना जाना लगभग तय है।
निर्विरोध चुने जाएंगे कई उम्मीदवार
पुंछ की आरक्षित सीट के लिए केवल भाजपा उम्मीदवार प्रदीप शर्मा ही मैदान में हैं और उनका चुना जाना तय है। पीडीपी के दोनों उम्मीदवार जम्मू संभाग से अब्दुल क्यूम डार और कश्मीर संभाग से यासिर रेशी का चुना जाना भी तय है। इसी तरह कश्मीर संभाग से भाजपा के उम्मीदवार गिरधारी लाल रैणा का चुना जाना भी तय है।
हालांकि इस सीट से भाजपा ने कवरिंग उम्मीदवार के तौर पर अशोक कुमार भट्ट से भी पर्चा दाखिल करवाया है। वहीं नेशनल कांफ्रेंस के उम्मीदवार आगा सईद महमूद का चुना जाना भी तय है। छह में से केवल जम्मू संभाग की एक सीट के लिए भाजपा उम्मीदवार विक्रम रंधावा और कांग्रेस के उम्मीदवार ठाकुर बलवीर सिंह के मध्य मुकाबला होगा, जिसमें निर्दलीय उम्मीदवार हार-जीत में अहम भूमिका निभाएंगे।
विधानसभा के सचिव एवं चुनाव के रिटर्निंग अफसर मोहम्मद रमजान के अनुसार छह सीटों के लिए आठ उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। ऐसे में कई उम्मीदवार निर्विरोध चुने जाएंगे, लेकिन तीन अप्रैल को नाम वापस लेने की आखिरी तारीख पर ही निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों की घोषणा होगी।