तीसरे दिन भी श्रीनगर नहीं जा पाए विमान
कश्मीर घाटी में लगातार तीसरे दिन खराब मौसम और कोहरे ने विमानों को उड़ान भरने से रोके रखा। बुधवार को श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से एक भी विमान नहीं उड़ा, जबकि दिल्ली और मुंबई से वाया जम्मू श्रीनगर जाने वाले विमान जम्मू से लौट गए।
जम्मू एयरपोर्ट के निदेशक डीके गौतम ने कहा कि श्रीनगर में सुबह से ही विजिबिलिटी नहीं होने से विमान जम्मू में ही रोके गए। दोपहर दो बजे तक विजिबिलिटी बेहतर होने का इंतजार किया गया। लेकिन कम रोशनी के कारण विमानों को वापस लौटा दिया गया।
उल्लेखनीय है कि सोमवार से ही घाटी में मौसम का मिजाज बिगड़ने के कारण इसका सबसे ज्यादा असर विमानों की उड़ानों पर पड़ा है। मंगलवार को श्रीनगर पहुंचे एयर इंडिया के दोनों विमान आज भी उड़ान नहीं भर सके।
कम विजिबिलिटी होने के कारण उड़ान भरने की इजाजत नहीं दी
उधर, श्रीनगर एयरपोर्ट के डायरेक्टर आरके शिंदे का कहना है कि खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण वायुसेना की ओर से संचालित एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) सेंटर से विमानों को उड़ान भरने की इजाजत नहीं दी गई।
मौसम सुधरने और एटीसी से हरी झंडी मिलने के बाद विमानों का परिचालन शुरू हो पाएगा। विमानों के उड़ान न भरने से यात्रियों, खासकर पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विमान कंपनियों ने पहले से बुक टिकटों के यात्रियों के लिए ठहरने की व्यवस्था की गई, ताकि उन्हें दिक्कत न हो। श्रीनगर मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण वीरवार को मौसम ज्यादा खराब होने की संभावना है। ऐसे में वीरवार को भी विमानों के उड़ने पर संशय बना हुआ है। श्रीनगर में धुंध छाई रहेगी और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है।