उद्घाटन के बाद भी फिलहाल देश की सबसे लंबी सुरंग से नहीं गुजरेंगे 2 पहिया वाहन
देश की सबसे लंबी हाईवे टनल का गौरव हासिल करने जा रही जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिनैनी नाशरी टनल में दो पहिया वाहनों के गुजरने को अनुमति नहीं मिलने के आसार हैं। फिलहाल चार पहिया वाहनों को ही टनल से गुजारा जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश की सबसे लंबी हाईवे टनल का लोकार्पण कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार टनल में 13 मीटर डाया मीटर की दो लेन हैं और छह मीटर डायामीटर का पैरलल एसकेप रूट है। सीधी टनल को 29 क्रास पैसेजेस से जोड़ा गया है।
प्रत्येक क्रास पैसेज 300 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में चार पहिया वाहनों की स्पीड को तय किया जाएगा। ऐसे में फिलहाल दो पहिया या तीन पहिया वाहनों को टनल से गुजारने के आसार कम ही हैं।
टनल निर्माण से पैसे और समय की बड़ी बचत
हालांकि बाद में वाहनों की मूवमेंट को देखते हुए दो पहिया वाहनों को भी शामिल किया जा सकता है। ऐसे में अगर दो पहिया या तीन पहिया वाहनों को टनल से गुजरने की अनुमति नहीं मिली तो इन वाहनों का प्रयोग करने वाले लोगों को लंबा पारंपरिक रास्ते से होकर ही गुजरना पड़ेगा।
9.2 किलोमीटर लंबी चिनैनी नाशरी टनल बनने से 41 किलोमीटर का सफर अब दस किलोमीटर में ही यानी 15 मिनट में सिमट जाएगा इससे घाटी के सफर पर जाने वाले लोगों के समय और धन दोनों की बचत हो सकेगी।
दो घंटे का रास्ता 10 मिनट में होगा तय
जिस रास्ते को चिनैनी नाशरी टनल से 10 मिनट में तय किया जा सकेगा उसे अब तक इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक मार्ग से पूरा करने में डेढ़ से दो घंटे लग जाते है। अब ऐसे में इस टनल के खुल जाने से हर मौसम में आने वाले पर्यटकों को काफी सहूलियत मिल सकेगी।
वहीं नेशनल हाईवे अथारिटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एम अटारडे का कहना है कि चिनैनी नाशरी टनल से दो पहिया वाहनों को बाहर रखने के लिए कोई फैसला नहीं हुआ है। वाहनों की मूवमेंट के हिसाब से निर्णय लिए जाएंगे।