पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी ढेर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर के पुलवामा जिले में रविवार को सुरक्षा बलों ने जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को ढेर कर दिया। मारे गए आतंकियों की पहचान आदिल पठान और बरमी के रूप में हुई है।
सुरक्षा बलों को मौके से हथियार भी बरामद हुए हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके के आसपास सर्च आपरेशन चलाया। समाचार लिखे जाने तक आपरेशन जारी था। सूत्रों के अनुसार आतंकी इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
एसएसपी त्राल इरशाद अहमद के अनुसार खुफियां एजेंसियों ने सुरक्षा बलों को सूचना दी कि पुलवामा के गांव हरि में कुछ आतंकी छिपे हैं। सेना और पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल हरकत में आते हुए पूरे गांव को घेर लिया। साथ ही गांव में सर्च आपरेशन शुरू किया।
सुरक्षा बलों का घेरा तोड़ भागने का प्रयास किया
इसी दौरान आतंकियों ने गोलियां चलाते हुए सुरक्षा बलों का घेरा तोड़ भागने का प्रयास किया। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए दो आतंकियों को मौके पर ही ढेर कर दिया।
उल्लेखनीय है कि जैश ए मोहम्मद कश्मीर घाटी के अलावा दिल्ली में भी आतंकी वारदातों को अंजाम दे चुका है। 13 दिसंबर 2001 को जैश के आतंकियों ने ही संसद पर हमला किया था।
पाकिस्तानी आतंकी मसूद अजहर जैश ए मोहम्मद का संचालक है। दिसंबर 1999 में विमान अपहरण की घटना के बाद रिहा किए गए तीन आतंकियों में एक मसूद अजहर भी था।