सीमा पर गोलाबारी में यूपी का जवान शहीद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक दिन सीमा पर तनाव भरा सन्नाटा रहने के बाद सोमवार को पाकिस्तान फिर अपनी नापाक हरकतों पर उतर आया। सोमवार दोपहर पाकिस्तान की ओर से कठुआ और सांबा सेक्टर की सभी सीमांत चौकियों पर भीषण गोलाबारी शुरू कर दी गई।
सांबा सेक्टर में सीमांत चौकी खौड़ा पर तैनात बीएसएफ का जवान देवेंद्र कुमार पाकिस्तानी गोलाबारी में शहीद हो गया। बीएसएफ की चौकियों पर गोलाबारी करने के साथ ही पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा एक सोची समझा साजिश के तहत सीमांत गांवों को भी निशाना बनाया जा रहा है।
जिला उपायुक्त कठुआ शाहिद इकबाल चौधरी ने बताया कि पाकिस्तानी मोर्टार सीमा के चार किलोमीटर तक इलाके में गिर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन के लिए राहत अभियान चलाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि जिला कठुआ में सीमा से सटे करीब 57 गांवों के लोगों की जान पर जोखिम बना हुआ है।
इससे पहले पाकिस्तानी रेंजर्स ने देर रात कठुआ और सांबा इलाके में गोलीबारी की। पहले पाकिस्तानी रेंसर्ज ने छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया था लेकिन दोपहर में भारी हथियारों के साथ मोर्टार भी दागे गए। गोलीबारी के बीच सीमांत इलाकों में रहने वाले दहशतजदा लोग घर छोड़कर जा रहे हैं। सेना इन लोगों को सुरक्षित इलाकों में ले जा रही है।
कठुआ और सांबा की 15 चौकियों पर फायरिंग
पाकिस्तानी रेंजर्स कठुआ और सांबा की 15 चौकियों पर लगातार फायरिंग कर रहे हैं। हीरानगर, बोबियान, रामगढ, बलदार और पंसार इलाके में सबसे ज्यादा गोलीबारी की जा रही है।
कठुआ के डिप्टी कमिश्नर शाहिद इकबाल चौधरी और सांबा के एसएसपी अनिल मंगोत्रा ने सीजफायर की पुष्टि करते हुए कहा कि, पाकिस्तानी रेंसर्ज से छोटे हथियारों से फायरिंग की है। उन्होंने एक जवान के शहीद होने की पुष्टि भी की है।
बता दें कि कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही गोलीबारी के कारण सीमा पर तनाव का माहौल है और सीमांत इलाकों में रहने वाले ग्रामीण घर छोड़कर सेना के कैंपों में शरण लिए हुए हैं।
अब तक करीब चार हजार लोग अपने घर छोड़ चुके हैं। बता दें कि साल के पहले दिन से ही पाकिस्तानी रेंजर्स भारतीय क्षेत्रों को निशाना बनाकर गोलीबारी कर रहे हैं।