चिनैनी। चिनैनी पुलिस की ओर से लगातार नशे की खेप ले जाने वालों पर नकेल कसी जा रही है। पिछले एक माह में यह तीसरा मामला है, जब पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में एक और आरोपी को हिरासत में लिया है। घाटी से हेरोईन और अब भुक्की लेकर जा रही एक गाड़ी को पुलिस ने सीज किया है और उससे 50 किलो भुक्की बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एसएसपी के निर्देश पर एसडीपीओ चिनैनी अहमद शफी जरगर व थाना प्रभारी ओम प्रकाश की ओर से एसआई विक्रम कंठ के नेतृत्व में पुलिस टीम हाईवे पर तैनात थी। उन्होंने हाईवे पर नाके के दौरान श्रीनगर से उधमपुर की ओर जा रहे एक 207 वाहन को रोककर उसकी चेकिंग की तो उसमें सेब लादे गए थे और सेब की पेटियों में 50 किलो भुक्की छिपाई गई थी। पुलिस ने भुक्की को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है, वहीं आरोपी की पहचान गुरजिंद्र सिंह निवासी जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। संवाद