शेषनाग झील के पास चली जेसीबी: अमरनाथ यात्रा के रास्ते पर भारी मशीनों से खुदाई क्यों? बवाल पर बीआरओ ने दी सफाई
पहलगाम की शेषनाग झील के पास भारी मशीनों से खुदाई का वीडियो वायरल होने के बाद बीआरओ ने सफाई दी है। संगठन के मुताबिक, अमरनाथ यात्रा के बाद पहले से मौजूद पारंपरिक रास्ते का चौड़ीकरण किया जा रहा है। दावा है कि काम में सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय उपायों का पालन हो रहा है। इसका मकसद श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित बनाना है।
विस्तार
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम स्थित संवेदनशील 'शेषनाग झील' के पास भारी जेसीबी मशीनों से खुदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उठे विवाद पर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने सोमवार को अपना आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है। बीआरओ ने सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे दावों को भ्रामक और गलत करार देते हुए स्पष्ट किया कि श्री अमरनाथ जी यात्रा के बाद चल रहा यह सड़क चौड़ीकरण कार्य सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों का पूरी तरह पालन करते हुए किया जा रहा है।
उठाए जा रहे सभी जरूरी कदम
बीआरओ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि संगठन खुदाई से निकलने वाले मलबे के सुरक्षित निस्तारण, प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था की सुरक्षा और आसपास के पहाड़ी भूभाग को न्यूनतम नुकसान पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।
श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन के लिए ये निर्माण जरूरी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के जरिए किसी नए निर्माण कार्य के किए जाने के दावों को खारिज करते हुए बीआरओ ने बताया कि पिछली अमरनाथ यात्रा के अनुभवों और श्रद्धालुओं के लिए चौड़े मार्ग की आवश्यकता को देखते हुए यह कार्य शुरू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रा मार्ग के संवेदनशील और खतरनाक हिस्सों को स्थिर करना और भीड़भाड़ को कम करने के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार रास्तों को चौड़ा करना है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
यह पूरा कार्य केवल पहले से मौजूद पारंपरिक रास्तों तक ही सीमित
सीमा सड़क संगठन ने दो टूक स्पष्ट किया कि यह पूरा कार्य केवल पहले से मौजूद पारंपरिक रास्तों तक ही सीमित है। बीआरओ ने कहा कि संगठन का प्राथमिक उद्देश्य पूरी यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और इन मार्गों को श्रद्धालुओं, यात्रा कर्मियों व अन्य उपयोगकर्ताओं के लिए अधिक सुरक्षित तथा सुगम बनाना व्यापक जनहित में है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
