Srinagar : गुलमर्ग फैशन शो विवाद में डिजाइनरों और आयोजकों को कोर्ट का नोटिस, रमजान में अश्लीलता समेत कई आरोप
श्रीनगर की एक अदालत ने दो डिजाइनरों व ईएलएलई इंडिया के प्रधान संपादक को नोटिस जारी किया है। इन पर रमजान के महीने में अश्लीलता फैलाने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और गुलमर्ग में सार्वजनिक रूप से शराब पीने का आरोप लगाया गया है।
विस्तार
गुलमर्ग फैशन शो विवाद अब अदालत में पहुंच गया है। श्रीनगर की एक अदालत ने दो डिजाइनरों व ईएलएलई इंडिया के प्रधान संपादक को नोटिस जारी किया है। इन पर रमजान के महीने में अश्लीलता फैलाने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और गुलमर्ग में सार्वजनिक रूप से शराब पीने का आरोप लगाया गया है। अगली सुनवाई आठ अप्रैल को होगी।
यह भी पढ़ें : गुलमर्ग फैशन शो विवाद: सीएम उमर ने कहा- सरकार कभी भी ऐसी अनुमति नहीं देती, कानून उल्लंघन हुआ तो होगी कार्रवाई
फैशन शो को लेकर आदिल नजीर खान ने अदालत में शिकायत दायर की है। उन्होंने अदालत से अश्लीलता परोसने वाले आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सुनवाई विशेष मोबाइल मजिस्ट्रेट फैजान-ए-नजर ने की और मामले में संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है। वहीं, अदालत ने कहा है कि धारा 223 बीएनएसएस, 2023 की उप धारा (1) के प्रावधान के अनुसार आरोपियों को सुनना भी अनिवार्य है। इसे लेकर मामले से जुड़े आरोपियों को अदालत में पेश होने के निर्देश जारी किए गए हैं। अगली सुनवाई आठ अप्रैल को तय की गई है।
यह भी पढ़ें : बदल रही है घाटी, श्रीनगर में रैंप पर दिखा फैशन का जलवा
यह है विवाद
गुलमर्ग में पिछले हफ्ते एक फैशन शो का आयोजन किया गया था। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल होने पर मामला गरमा गया। इस पर कश्मीर के लोगों और नेताओं ने नाराजगी जताई। मामला बजट सत्र के दौरान सदन में भी गूंजा। आयोजकों पर रमजान के महीने में कश्मीर घाटी में अश्लीलता फैलाने के आरोप लगाए गए। इस पर सीएम उमर अब्दुल्ला ने इस मामले में जांच के आदेश दिए थे। अब मामला अदालत में है।