जम्मू-कश्मीर में फिर मौसम का कहर: गांदरबल में फटा बादल, नदी-नालों में उफान, दो दिन के लिए रेड अलर्ट जारी
गांदरबल के कुल्लान इलाके में बादल फटने से नदी-नालों में उफान आ गया, हालांकि किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के 12 जिलों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन को लेकर दो दिन का रेड अलर्ट जारी किया है।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में मौसम का खतरा बरकरार है। गांदरबल के कुल्लान में रविवार देर शाम बादल फटने से नदी-नालों में उफान आ गया। किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार भारी बारिश का रेड अलर्ट अब बुधवार तक बढ़ गया है। दो दिन बाढ़, भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की संभावना है।
विभाग के अनुसार बारिश का जम्मू संभाग के सभी दस जिलों और कश्मीर के दो जिलों अनंतनाग व कुलगाम में में ज्यादा असर दिखेगा। दोनों संभाग में 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पठानकोट-जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर फिर भूस्खलन होने का खतरा है। विभाग ने मौसम विज्ञान विभाग ने प्रशासन, संबंधित विभागों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बीते 24 घंटों में कहां, कितनी बारिश :
जम्मू 71 मिलीमीटर, कटड़ा 34.6 मिमी, उधमपुर 13.8 मिमी, गुलमर्ग में 8.2 मिमी, पहलगाम और कोकरनाग में 6.2 मिमी, पुलवामा 6.1 मिमी, भद्रवाह 2.4 मिमी, बटोत में 2.3 मिमी, कठुआ 1.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
कहां कितना तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
कुपवाड़ा 30.7, श्रीनगर 28.5, कठुआ 27.8, कटड़ा 27.2, जम्मू 26.4, बनिहाल 23.4, बटाेत 21.9, भद्रवाह 21.4
नदी-नालों के पास रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह
गांदरबल के कंगन के शाह मोहल्ला कुल्लान में बादल फटने के बाद से लोग डरे हुए हैं। लोगों ने बताया कि जल स्तर तेजी से बढ़ा और बाद में कम हो गया। अधिकारियों ने नदियों और नालों के आसपास रहने वाले लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने का आग्रह किया है।