कठुआ। शहर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रविवार को दिन भर छाए बादल, दोपहर को हुई हल्की बूंदाबांदी और शाम को चली सर्द हवाओं ने मौसम में एक बार फिर ठंडक घोल दी है। वहीं, बनी के सरथल में पांच व छह बजे के बीच बर्फबारी हुई है। इससे शीतलहर बढ़ गई है। बता दें कि शहर में लगातार 10 दिन धूप खिली, जिससे मौसम गर्म हो चला था। दिन के समय सर्द हवाएं बेअसर दिखने लगी थीं। उसके बाद शनिवार को आसमान में बादलों ने डेरा जमाया और दिन भर ठंडी हवाएं चलीं। वहीं, रविवार की शुरुआत बादल और ठंडी हवाओं से हुई। दोपहर तीन बजे के करीब कई इलाकों में हल्की बूंदबांदी भी हुई। उसके बाद बादल छाए रहे और शाम पांच बजे चलीं सर्द हवाओं ने कंपकंपी छुड़ा दी। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले तीन दिन इसी तरीह बीतने की संभावना है। मौसम विभाग ने 21 फरवरी तक मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि ऊंचे पहाड़ी इलाकों में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। कृषि विज्ञान केंद्र प्रमुख एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विशाल महाजन ने बताया कि अगले तीन दिन मौसम इसी तरह बना रहेगा। बारिश और बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट आ सकती है। वहीं, बनी के सरथल में शाम को बर्फबारी हुई है। इसके अलावा जिले के बिलावर, बसोहली, रामकोट और महानपुर में कई स्थानों पर हल्की बूंदबांदी हुई।