बसोहली। रामलीला मैदान में नगर कमेटी बसोहली द्वारा मॉय टाउन मॉय प्राइड पखवाड़े के तहत आयोजित जन अभियान कार्यक्रम में लोगों का बहुत कम रुझान देखने को मिल रहा है। इसकी मुख्य वजह लोगों तक इसकी सूचना का न पहुंचना है। सूचना के अभाव में बीते तीन दिनों में यह कार्यक्रम विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच सिमट कर समाप्त हो रहा है।
बसोहली नगर के 13 वार्डों की करीब पांच हजार की आबादी में से तीसरे दिन यानी बुधवार को इस जन अभियान में करीब 20 लोग पहुंचे। वार्ड संख्या 11 के पार्षद जगजीत सिंह ने बताया कि जन अभियान कार्यक्रम की जानकारी नहीं थी। नगर कमेटी कार्यालय में सिर्फ बैठक के लिए बुलाया गया था। बसोहली के रामलीला मैदान में पहुंचकर इस बात की जानकारी मिली कि जन अभियान कार्यक्रम है। वार्ड 12 के पार्षद विशाल पडवाल ने बताया कि जन अभियान की जानकारी मिली थी, लेकिन सूचना के अभाव के कारण वार्ड के लोगों को जानकारी नहीं थी। ऐसे कार्यक्रमों को करवाने से पूर्व उसकी सूचना लोगों तक पहुंचाना अनिवार्य होता है। बिना लोगों की मौजूदगी में ऐसे कार्यक्रमों को करवाने का कोई फायदा नहीं है।
नगर कमेटी के उपाध्यक्ष अभिनव राजदान ने बताया कि वह वार्ड संख्या 9 के पार्षद भी है। पहले तो उन्हें खुद इस जन अभियान कार्यक्रम की जानकारी ही नहीं थी। वार्ड में सबसे ज्यादा पेंशन के मामले लंबित पड़े हैं, जिसके कारण लोग परेशान भी है और विभाग के प्रति भी लोगों में रोष है। अगर इस वार्ड के लोगों को इस जन अभियान कार्यक्रम की जानकारी होती तो भारी संख्या में लोग यहां पहुंचकर इस कार्यक्रम में लगाए गए शिविरों का लाभ उठा सकते थे। नगर कमेटी के प्रभारी ईओ रविंद्र कुमार शर्मा से जब इस संदर्भ में पूछा गया तो उनका कहना था कि तीसरे दिन के जन अभियान कार्यक्रम में करीब 13 विभागों द्वारा शिविर लगाए गए थे, इस कार्यक्रम की सूचना सभी पार्षदों को दी गई थी। कार्यक्रम के बारें में प्रचार भी कराया गया था। पार्षदों को भी फोन कर इसके बारे में बताया गया है। लोग इस कार्यक्रम में क्यों नहीं शामिल हो रहे हैं इस संदर्भ में कुछ नहीं कहा जा सकता।