कठुआ। खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की पहल के तहत जिला बेंचप्रेस चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में पुरुषों और महिलाओं के लिए इक्विप्ड और क्लासिक (अनइक्विप्ड) श्रेणियों में सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर वर्ग के खिलाड़ियाें ने भाग लिया। यूथ फॉर चेंज एंड डेवलपमेंट की तरफ से आयोजित इस प्रतियोगिता में ड्रग-फ्री कठुआ और फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा दिया गया। इसमें पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन ने भी अपनी भागीदारी दर्ज करवाई। प्रतियोगिता में महिलाओं के होने वाले मुकाबलों में सब जूनियर वर्ग का मुकाबला निताशा मजोत्रा के नाम रहा। जूनियर वर्ग में सुहानी वशिष्ठ, सीनियर वर्ग में रितिका सिंह और मास्टर्स में समीना मलिक ने पहला स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में होने वाले फाइनल मुकाबले के दौरान सब जूनियर वर्ग में पहला स्थान हार्दिक ने हासिल किया। वहीं जूनियर वर्ग में लविश, सीनियर वर्ग में अंशु शर्मा और मास्टर्स में संजीव मन्हास पहले स्थान पर रहे।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ भाजपा नेता विक्की शर्मा आदिल अशरफ खान अमन टॉक आदित्य शर्मा आदि ने विजेताओं को पदक व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के आयोजक राहुल देव शर्मा ने आयोजन को कठुआ के युवाओं के लिए एक शानदार अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह चैंपियनशिप न केवल खेल को बढ़ावा देती है बल्कि युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का भी संदेश देती है।