सरहद पर सुरंग मामले में एफआईआर दर्ज
- चार मार्च को मिली सुरंग के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज
- सुरंग भारतीय क्षेत्र की जीरो लाइन की फेंसिंग पार भी लगभग 20 मीटर तक खोदी गई थी
विस्तार
आरएस पुरा सेक्टर में चार मार्च को मिली सुरंग के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। बीएसएफ कमांडेंट (127वीं बटालियन) की शिकायत पर आरएसपुरा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहत मामला दर्ज किया है।
इन अज्ञात लोगों के खिलाफ आरपीसी की धारा 120-बी (आपराधिक साजिश रचने), 121-ए (राष्ट्र के खिलाफ युद्ध या साजिश रचने), 122 (युद्ध के लिए आर्म्स व अन्य सामान जमा करने), 123 (युद्ध छेड़ने की मंशा से छिपकर तैयारी करने) के तहत मामला दर्ज हुआ है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित आरएस पुरा सेक्टर की अल्लाह माई दे कोठे पोस्ट के पास सुरंग मिली थी। सुरंग भारतीय क्षेत्र की जीरो लाइन की फेंसिंग पार भी लगभग 20 मीटर तक खोदी गई थी।
आतंकियों की घुसपैठ कराने की मंशा से खोदी गई सुरंग मिलने के बाद बीएसएफ ने इस संबंध में पाक रेंजरों के समक्ष भी विरोध जताया है। मामले की सूचना गृह मंत्रालय को भी भेजी गई है।
उधर, रविवार को भी जीरो लाइन के पास किसानों को खेतीबाड़ी की इजाजत नहीं दी गई। बताया जाता है कि सुरंग के पास बीएसएफ के जवानों की 24 घंटे तैनाती कर दी गई है।
बीएसएफ अधिकारी अभी गृह मंत्रालय के अगले आदेश का इंतजार कर रहे हैं। गृह मंत्रालय ने मामले की जांच के लिए एक टीम का भी गठन किया है।