हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्षेत्र के कोटला खुर्द में पुलिस ने दो युवकों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9.04 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। आरोपियों की पहचान अंकुश शर्मा उर्फ अंकी और भूपिंद्र सिंह उर्फ कालू निवासी कोटला खुर्द के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ द्रव्य अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक एसआईयू विंग को कोटला खुर्द में दो युवकों के बारे में अवैध कारोबार करने की गुप्त सूचना मिली, जिन पर पुलिस कई दिन से निगाह रख रही थी। इसी बीच वीरवार को सूचना मिली कि ये दोनों आरोपी ग्राहकों को हेरोइन बेच रहे हैं।
पुलिस के एसआईयू विंग ने इसी सूचना के आधार पर कोटला खुर्द कॉलोनी में दबिश देकर दोनों आरोपियों को एक पुरानी बिल्डिंग में दबोच कर तलाशी ली। इस दौरान अंकुश शर्मा से 7.52 ग्राम होरइन, जबकि भूपिंद्र से 1.52 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों में से एक अंकुश शर्मा को पहले भी 0.6 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है।
प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील
एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि समाज से नशे की बुराई को मिटाने के लिए जिले के सभी 234 ग्राम पंचायत प्रधानों को अर्ध शासकीय पत्र भेजे गए हैं। इनके माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को उनके अधिकार क्षेत्र में चोरी छिपे नशे का अवैध कारोबार करने वाले व्यक्तियों की सूचना पुलिस को उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया है। एसपी ने पंचायत प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया है कि ऐसी सूचना देने पर सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा तथा उन्हें उचित पारितोषिक भी दिया जाएगा। गत वर्ष के दौरान जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थ द्रव्य अधिनियम के तहत 44 अभियोग पंजीकृत कर 57 लोगों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से विभिन्न नशीले पदार्थों की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की गई है।