शिमला-मटौर फोरलेन पर सफर महंगा: घट्टा में अब इतने रुपये चुकाना होगा कार का एकतरफा टोल, नई दरें लागू
शिमला-मटौर फोरलेन पर रानीताल के पास घट्टा टोल प्लाजा से गुजरना अब वाहन चालकों की जेब पर पहले से ज्यादा भारी पड़ेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने घट्टा टोल प्लाजा पर यूजर फीस की नई दरें जारी कर दी हैं। इसके लिए शिमला आरओ से पत्र उपलब्ध हुआ है।
विस्तार
निर्माणाधीन शिमला-मटौर फोरलेन पर रानीताल के पास घट्टा टोल प्लाजा से गुजरना अब वाहन चालकों की जेब पर पहले से ज्यादा भारी पड़ेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से जारी नई दरों में कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों का एक तरफ का टोल 25 से बढ़ाकर 65 रुपये कर दिया गया है। हल्के चौपहिया वाहन चालकों को अब 40 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। वहीं, बस और दो एक्सल वाले ट्रक का शुल्क 80 से बढ़कर 225 रुपये हो गया है। इन वाहनों के लिए एक तरफ का सफर 145 रुपये महंगा हुआ है। नई दरें एक अक्तूबर की रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। एनएचएआई के अनुसार ये दरें चिलबाहल से भंगवार (रानीताल के पास) और आगे कांगड़ा बाईपास तक संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के लिए लागू होंगी। हल्के व्यावसायिक वाहन, मालवाहक वाहन और मिनी बस के लिए एक तरफ का शुल्क अब 105 रुपये तय किया गया है। पहले की दर उपलब्ध नहीं होने के कारण इसमें हुई बढ़ोतरी का आंकड़ा नहीं दिया गया है। तीन एक्सल वाणिज्यिक वाहन के लिए 245 रुपये, चार से छह एक्सल वाले भारी निर्माण मशीनरी/मल्टी एक्सल वाहनों के लिए 350 रुपये और सात या अधिक एक्सल वाले ओवरसाइज वाहनों के लिए 430 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
मासिक पास 360 रुपये निर्धारित
टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय गैर-वाणिज्यिक वाहन मालिकों के लिए मासिक पास 360 रुपये निर्धारित किया गया है। वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक पास की दर 3075 रुपये होगी। इसकी दरें नहीं बदली हैं। फास्टैग लेन से बिना फास्टैग गुजरने वाले वाहनों से 1.25 गुना शुल्क लिया जाएगा। टोल पर यूपीआई से भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। आपात स्थिति में टोल फ्री हेल्पलाइन 1033 पर संपर्क किया जा सकता है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने घट्टा टोल प्लाजा पर यूजर फीस की नई दरें जारी कर दी हैं। इसके लिए शिमला आरओ से पत्र उपलब्ध हुआ है। यह दरें एक अक्तूबर रात 12 बजे से लागू कर दी गई हैं। - राज कपूर, अतिरिक्त मैनेजर, रानीताल घट्टा टोल प्लाजा
घट्टा टोल प्लाजा की नई दरें( रुपये में)
वाहन श्रेणी 24 जुलाई को एकतरफा शुल्क अब एकतरफा शुल्क उसी दिन वापसी 50 यात्राओं का मासिक पास कामर्शियल
कार, जीप, वैन, हल्का मोटर वाहन 25-35 65 -100 2210 35
हल्का व्यवसाय वाहन,माल वाहन, मिनी बस 40-60 105 - 160 3570 55
बस या ट्रक (दो एक्सल) 80-125 225 -340 7480 110
तीन एक्सल वाणिज्यिक वाहन 90-135 245 - 370 8155 120
भारी निर्माण मशीनरी/अर्थ मूविंग/मल्टी एक्सल (4-6 एक्सल) 130-195 350- 525 11725 175
ओवरसाइज वाहन (7 या अधिक एक्सल) 155-235 430 - 645 14275 215