गतका पार्टी ने करतबों का प्रदर्शन किया, अटूट लंगर भी लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक नगरी नालागढ़ में सिख समुदाय ने वसंत पंचमी के उपलक्ष्य में नगर कीर्तन का आयोजन किया। यह कीर्तन कंगनवाल गुरुद्वारा साहिब से पांच प्यारों की अगुवाई में और गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में आरंभ हुआ। नगर कीर्तन में गतका पार्टी ने अपनी करतबों का प्रदर्शन किया, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कीर्तन मार्ग में ढांग ऊपरली, टपरिया, निहली ढांग, ढाना, सल्लेवाल होते हुए यह राजपुरा गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुआ। इस दौरान ढाडी जत्थों ने गुरुओं की अमृतवाणी का गुणगान किया और रागी जत्था भाई गुरुदेव सिंह कोना ने गुरुओं की कुर्बानी की गाथा सुनाई। नगर कीर्तन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और गुरुओं की वाणी का रसपान किया। मार्ग में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया और चाय-पकौड़े सहित लंगर का आयोजन भी किया गया। कंगनवाल गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सतनाम सिंह ने बताया कि 23 जनवरी को गुरुद्वारा साहिब में गुरमत समागम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान रागी और ढाडी जत्थों के माध्यम से गुरुओं की वाणी का गुणगान किया जाएगा और अटूट लंगर बरताया जाएगा। इस अवसर पर विधायक हरदीप बावा, परमिंदर कौर बावा, समाजसेवी हरप्रीत सैनी, सतनाम सिंह, नसीब सिंह, महेंद्र सिंह ढांग, हाकम सिंह, हरबंस सिंह, सुरजीत, डा. करमजीत सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।