बीबीएनडीए और डॉ. रेड्डी उद्योग के सहयोग से किया पौधरोपण
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की ओर से ग्रीन बद्दी-क्लीन बद्दी अभियान के तहत बुधवार को सनसिटी मार्ग पर पौधरोपण किया गया। डॉ. रेड्डी उद्योग के सहयोग से आयोजित इस ड्राइव में जापानी तकनीक मियांवाकी का प्रयोग कर फलदार, छायादार और औषधीय पौधे रोपे गए। अभियान का शुभारंभ बीबीएनडीए की सीईओ सोनाक्षी तोमर ने किया। इस अवसर पर सोनाक्षी तोमर ने कहा कि बीबीएन औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण प्रदूषण की चपेट में है। ऐसे में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए हर नागरिक और उद्योग को आगे आना होगा। कार्यक्रम के दौरान सीईओ ने बद्दी सनसिटी मार्ग पर हरियाणा की सीमा की ओर से हो रहे अवैध खनन पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि बेतरतीब खनन से पर्यावरण और क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने पुलिस और खनन विभाग से इस पर तुरंत प्रभावी रोक लगाने का आह्वान किया। इस अवसर पर बीबीएनडीए के अधिशासी अभियंता सुमित आजाद, टीसीपी गणेश लाल, एटीपी राजेश कौंडल, जॉइंट कंट्रोलर नाग सिंह, एसडीओ दिग्विजय, विकास परमार और जेई सतीश कुमार उपस्थित रहे।