लॉरेंस स्कूल सनावर में पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष ने किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। लॉरेंस स्कूल सनावर में आई कैन काॅन्फ्रेंस के तहत लीडरशिप विद हार्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने विद्यार्थियों को लीडरशिप के महत्व और इसके विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक अच्छा लीडर वह होता है जो अपनी टीम की भावनाओं को समझे और उन्हें सही मार्गदर्शन दे। किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए नेतृत्व का कार्य ईमानदारी और समर्पण के साथ किया जाना चाहिए। आरएस बाली ने बताया कि लीडरशिप विद हार्ट का असल उद्देश्य अपनी टीम की भावनाओं को समझना, उनका मार्गदर्शन करना और उनके दृष्टिकोण को समझना है। उन्होंने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल, वक्ता कौशल, विवाद समाधान कौशल, टीम वर्क और कूटनीति जैसे महत्वपूर्ण गुणों को विकसित करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को भविष्य में बेहतरीन मार्गदर्शक और नेता बनाने में मददगार साबित होते हैं। बाली ने सुझाव दिया कि ऐसे कार्यक्रम प्रत्येक विद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर आयोजित होने चाहिए, ताकि बच्चों में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास हो सके। आगे उन्होंने बच्चों से नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने का आग्रह करते हुए कहा कि आत्मविश्वास से भरे और उन्नतिशील सोच वाले बच्चे ही देश, प्रदेश और जिले का विकास सुनिश्चित कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपमंडलाधिकारी कसौली महेंद्र प्रताप सिंह और लॉरेंस स्कूल सनावर के मुख्य अध्यापक हिम्मत सिंह ढिल्लों समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की समाप्ति पर बाली ने इस तरह के आयोजनों की सराहना की और कहा कि यह बच्चों के आत्मविश्वास में निखार लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।