देर रात की घटना, पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। उपमंडल रोहड़ू की तहसील टिक्कर की पंचायत पुजारली चार के टिलूधार में रविवार देर रात को आग से एक घर जल गया। आग से लाखों के नुकसान का अनुमान है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात को टिलूधार में मोहन लाल और बलवान नैंटा के मकान में अचानक आग लग गई। आग ने लकड़ी से बने पुश्तैनी मकान को तेजी से अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कुछ ही देर में मकान राख हो गया। इस दौरान ग्रामीणों ने आग को बुझाने की पूरी कोशिश की। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची थी। कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया, लेकिन आग से मकान को बचाया न जा सका। नायब तहसीलदार टिक्कर इंदिरा वर्मा ने बताया कि यह मकान रिहायश में नहीं था। परिवार के लोग दूसरे घर में रह रहे थे। इस हादसे में चार कमरे व दो रसोईघर जले हैं। डीएसपी प्रणव चौहान ने बताया कि इस घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।